logo

रांची की होटवार जेल में एक साथ मिले 18 संक्रमित, 2 पूर्व मंत्रियों को भी हुआ कोरोना,मचा हड़कंप

631news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची 
झारखंड में कोरोना के बढ़ते मामले अब पुलिस से लेकर कैदी तक को आंखें दिखा रहा है। राज्य में कोरोना ने थानों में पुलिस के बाद अब जेल में बैठे कैदियों को टारगेट बना रहा है। दरअसल रांची की बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद कैदियों में 18 कैदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें दो बड़े नेता का भी नाम शामिल हैं। खबर है कि पूर्व विधायक राजा पीटर और एनोस एक्का को भी कोरोना हो गया है। इसके बाद से जेल में हड़कंप मच गया है।  

होटवार जेल में 3500 से ज्यादा हैं कैदी
रांची की होटवार जेल में फिलहाल 3500 से ज्यादा कैदी अभी बंद हैं। जेल प्रशासन को उनकी सुरक्षा की चिंता सता रही है। संक्रमण न फैले इसे लेकर तमाम एहतियात बरते जा रहे हैं। जेल प्रशासन ने 18 बंदियों के संक्रमित मिलने के बाद फिलहाल फोन बूथ, रसोई और निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा जेल में सभी सामूहिक कार्य को भी फिलहाल रोक दिया गया है। जेल को सैनेटाइज करने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा जो पॉजिटिव पाए गए हैं उनके लिए अलग से वार्ड बनाने की भी कवायद की जा रही है। 

टेस्ट के बाद मिलती है जेल में इंट्री
कोरोना महामारी के आने के बाद से ही जेल प्रशासन तमाम एहतियात बरत रहा है, जिससे कैदियों के बीच संक्रमण का फैलाव न हो सके। इसके लिए जेल में उन्हीं कैदियों की इंट्री मिलती है, जिनकी कोविड जांच रिपोर्ट निगेटिव आती है। तबतक वो कैदी पुलिस की निगरानी में ही रहता है। ऐसे में इस बात पर भी गौर करने की जरुरत है कि आखिर संक्रमण फैला कैसे। 

अजय कुमार सिंह कोरोना पॉजिटिव
कार्मिक सचिव अजय कुमार सिंह कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। वह 30 दिनों के लिए क्वारंटाइन पर चले गए हैं। अजय कुमार के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद वाणिज्य कर सचिव वंदना डाडेल को कार्मिक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इससे संबंधित लेटर भी कार्मिक की ओर से जारी किया गया है। इस लेटर में लिखा है कि अधिक से अधिक 30 दिनों के लिए कार्मिक का अतिरिक्त प्रभार वंदना डाडेल को दिया जाता है। 

पिछले 24 घंटे में 789 नए मामले 
आपको बता दें कि झारखंड में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 789 नए कोरोना मरीज मिले हैं। आज जमशेदपुर के टीएमएच में 4 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गयी है। अबतक कोरोना के 13671 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। राज्य में अब तक 4816 मरीज ठीक हो चुके हैं। फिलहाल कोरोना के कुल 8727 एक्टिव केस हैं। सूबे में अब तक 3,53,004 सैंपल लिये जा चुके हैं।