द फॉलोअप टीम, फरीदाबाद:
5 फ़रवरी 2021 को 18 महीने के बच्चे की लाश पानी टंकी से बरामद हुई थी। पुलिस लंबे समय से बच्चे के हत्यारे की तलाश में थी। केस क्राइम ब्रांच डीएलएफ को सौंपा गया जिसके बाद आख़िरकार बच्चे के हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि आरोपी ने सिर्फ 50 रुपये के लिए बच्चे की हत्या कर दी। आरोपी नरेश उर्फ बिन्नू गांव खेड़ी कलां का रहने वाला है।

नशे का आदी था हत्यारोपी
मिली जानकारी के मुताबिक नरेश नशे का आदी है। 6 फरवरी को ही मुकदमा दर्ज हुआ था। क्राइम ब्रांच प्रभारी ने बताया कि शान मोहम्मद ने अपने बच्चे की हत्या की शिकायत दी थी।

बेरोजगार है आरोपी
गिरफ़्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो बेरोजगार है और शान मोहम्मद के पड़ोस में रहता था। शान मोहम्मद के परिवार से उसका अक्सर झगड़ा होता था। घटना से 2 दिन पहले ही उसने मृतक बच्चे की 8 साल की बहन से 50 रुपये छीन लिए थे इसलिए शान मोहम्मद से उसका झगड़ा भी था। उसी वक्त आरोपी ने बच्चे को मारने का प्लान बनाया।

अकेला देख बच्चे को उठाया
5 फरवरी की शाम को आरोपी ने बच्चे को खेलते हुए देखा और मौका पाकर बच्चे को अपने फ्लैट ले गया। वहां अपने छत के पानी की टंकी में बच्चे को डुबोकर मार दिया। उसने पानी की टंकी को तार से बांध दिया, ताकि किसी को पता ना चले। बच्चा काफी देर तक नहीं दिखा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में बच्चे का शव टंकी से बरामद हुआ। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया और पुलिस से बचने के लिए जगह बदल-बदलकर रहने लगा।
