logo

पाकिस्तान में भीषण रेल दुर्घटना, अब तक 30 यात्रियों की मौत और 40 से भी ज्यादा घायल

पाकिस्तान में भीषण रेल दुर्घटना, अब तक 30 यात्रियों की मौत और 40 से भी ज्यादा घायल
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 
पाकिस्तान में भीषण रेल हादसा हुआ है। सूचना के मुताबिक हादसे में न्यूनतम 30 लोगों की मौत हो गई। 40 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से जख्मी हैं। घटना पाकिस्तान के सिंध प्रांत की है। मिली जानकारी के मुताबिक सर सैयद एक्सप्रेस और मिल्लत एक्सप्रेस की आमने-सामने की टक्कर हो गयी। ये दुर्घटना घोटकी स्टेशन के नजदीक डहरकी और रेती रेलवे स्टेशनों की बीच हुई थी। 

जानिए! कहां हुई ये भीषण दुर्घटना
मिली जानकारी के मुताबिक सर सैयद एक्सप्रेस रावलपिंडी से कराची जा रही थी वहीं मिल्लत एक्सप्रेस कराची से सरगोधा जा रही थी। दुर्घटना के बाद मिल्लत एक्सप्रेस की 8 बोगियां और सर सैयद एक्सप्रेस की 3 बोगियां इंजन सहित पटरी से उतर गई। कई बोगियां खाई में भी जा गिरीं। अब तक 30 लोगों का शव बरामद किया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। 

बढ़ सकती है हादसे में मृतकों की संख्या
घोटकी स्टेशन के कमिश्नर उस्मान अब्दुल्लाह ने बताया कि हादसे में 40 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये। 30 लोगों की मौत हो गई। अनुमान है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बोगियों में फंसे यात्रियों को निकाला जा रहा है। राहत और बचाव टीम को घटनास्थल की तरफ रवाना किया गया है।