logo

दाह संस्कार से लौट रहे थे 35 लोग, बीच नदी में पलट गई नाव, जानिए उसके बाद क्या हुआ ?

1282news.jpg
द फॉलोअप टीम, अररिया
बिहार के अररिया से इस वक्त एक बड़ी खबर आ रही है। यहां की परमान नदी में 35 लोगों को ला रही नाव पलट गई है। इसके बाद अफरातफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक ज्यादातर लोगों को तो बचा लिया गया है लेकिन कुछ लोगों के अब भी लापता होने की बात सामने आ रही है। ग्रामीण और पुलिस की मदद से गोताखोर उन लोगों को भी रेस्क्यू करने में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि नाव पर सवार सभी लोग दाह संस्कार कर लौट रहे थे। तभी 35 यात्रियों से भरी नाव अचानक बीच नदी में पलट गई। हादसा जिले के सदर प्रखंड होकर बहने वाली परमान नदी के झमटा- महिषाकोल घाट पर हुआ है।
  
नाव पर साइकिल सहित सामान भी लदे थे
बताया जा रहा है कि नाव पर 35 लोगों के अलावा दर्जनों साइकिल और बाइक भी लदी थी। हादसे में ये भी नदी में डूब गए। हालांकि इनमें से चार बाइक, आधा दर्जन साइकिल को ग्रामीणों ने नदी से निकाल लिया है। नाव का अभी तक अता पता नहीं चल सका है। हादसे की सूचना मिलते ही सदर एसडीओ शैलेश कुमार दिवाकर, एसडीपीओ पुष्कर कुमार, सीओ आदि घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

झमटा गांव के शख्स की हुई थी मौत 
बताया जा रहा है कि झमटा गांव में एक व्यक्ति के निधन होने के बाद उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए नाव पर सवार होकर 35 लोग पुरंदाहा, डोरिया और मुरबल्ला के झमटा आ रहे थे। बताया जाता है नाविक नही मिलने पर ये लोग खुद नाव चला रहे थे। नाव चलाने की जानकारी नही होने और क्षमता से अधिक लोगों के बैठने के कारण वह किनारा पहुंचने के पहले ही पलट गई।