logo

India Corona Update: 24 घंटे में मिले 42 हजार 15 नए कोरोना संक्रमित 36 हजार 977 मरीज हुए ठीक

India Corona Update: 24 घंटे में मिले 42 हजार 15 नए कोरोना संक्रमित 36 हजार 977 मरीज हुए ठीक

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 


केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में बीते दिन सामने आए कोरोना के नए मामलों का आंकड़ा जारी किया है। गौरतलब है कि बीते 24 घंटे में देश में 42 हजार 15 नए मामले सामने आए। इस दरम्यान 36 हजार 977 मरीजों ने कोरोना को मात दी। बीते 24 घंटे में 3 हजार 998 लोगों की मौत हो गई। पॉजिटिविटी रेट इस दिन 2.27 फीसदी रही। बता दें कि बीते 30 दिन से पॉजिटिविटी रेट 3 फीसदी से कम है जो एक सकारात्मक संदेश कहा जा सकता है। इस बीच तीसरी लहर की आशंका भी बलवती होती जा रही है। 

भारत में तीन करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित
बता दें कि भारत में कोरोना के कुल 3 करोड़ 12 लाख 16 हजार 337 मामले सामने आ चुके हैं। देश में इस वक्त 4 लाख 7 हजार 170 एक्टिव कोरोना केस हैं। 3 करोड़ 3 लाख 90 हजार 687 लोग ठीक हो चुके हैं। देश में अब तक कोरोना की वजह से 4 लाख 18 हजार 480 मरीजों ने जान गंवाई है। कोरोना से रोकथाम का एकमात्र जरिए फिलहाल वैक्सीनेशन है। देश में अभी तक 41 करोड़ 54 लाख 72 हजार 455 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। बाकी लोगों का टीकाकऱण जारी है। हालांकि इस बीच राज्यों को टीके की कमी का सामना करना पड़ रहा है। तकरीबन सभी राज्यों में सप्ताह में दो से तीन दिन वैक्सीनेशन सेंटर्स बंद रखना पड़ता है क्योंकि टीके की कमी है। इस समस्या से निपटना जरूरी है। 

मुंबई में पोर्टल अपडेट से बढ़ी कोरोना से मौत की संख्या
स्वास्थ्य मंत्रालय जारी नए आंकड़ों में मौत की संख्या 3 हजार 998 दिखाई गई है। वास्तविकता में इस दिन केवल 147 मरीजों की ही मौत हुई है लेकिन महाराष्ट्र में पुरानी मौतों को पोर्टल में अपडेट करने से मृतकों की संख्या इतनी अधिक दिख रही है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने 3 हजार 509 पुरानी मौतों को अपडेट किया है। इससे पहले 9 जून को भी बिहार में पुरानी मौतों को अपडेट किया गया था। उस दिन देश में मौत का आंकड़ा 6 हजार 139 तक पहुंच गया था। 

इन राज्यों में लगाया गया है आंशिक लॉकडाउन
बता दें कि कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, राजस्थान, गुजरात, दिल्ली औऱ बंगाल जैसे राज्यों का नाम शामिल है। देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक रूप से लॉकडाउन है। छत्तीसगढ़, कर्नाटक, बिहार, केरल, दिल्ली, राजस्थान, यूपी, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरूणांचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, असम, आंध्र प्रदेश, त्रिपुरा औऱ गुजरात में आंशिक लॉकडाउन लगा है। देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडान जैसी स्थिति है। पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडि़शा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा औऱ पुदुचेरी में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदी है। झारखंड में संपूर्ण वीकेंड लॉकडाउन का प्रावधान किया गया है। 

झारखंड में बीते 24 घंटे में मिले 33 नए कोरोना मरीज
झारखंड में बीते 24 घंटे में 33 नए कोरोना मरीज मिले हैं। सुखद बात ये है कि किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। इस अवधि में 49 मरीजों ने कोरोना को मात दी। राज्य में फिलहाल 336 एक्टिव मरीज हैं। कोरोना के मामलों में धीरे-धीरे कमी आ रही है लेकिन लोगों द्वारा लापरवाही बरता जाना, तमाम व्यवस्था पर पानी फेर सकता है। बता दें कि राज्य में अब कुल 3 लाख 46 हजार 745 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। 3 लाख 41 हजार 287 मरीजों ने कोरोना को मात दी। राज्य में अभी तक 5 हजार 122 मरीजों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत यहां संपूर्ण वीकेंड लॉकडाउन लगाया जा रहा है।