द फॉलोअप टीम, डेस्क;
विश्व के अलग-अलग स्थानों पर जारी रोजगार, गृहयुद्ध या फिर द्विपक्षीय युद्धों की वजह से प्रवासी संकट गहरा गया है। इसकी बानगी अलग-अलग घटनाओं में दिखती रहती है। ताजा मामला ट्यूनिशिया का है जहां नाव डूबने से 43 प्रवासियों की मौत हो गई। ट्यूनिशिया की रेड क्रीसेंट ने प्रवासियों की मौत की पुष्टि की है। ये काफी दुखद घटना है।
यूरोप जाने की कोशिश में थी नाव
अलग-अलग स्त्रोतो से मिल रही जानकारी के मुताबिक प्रवासियों को लेकर ये नाव लीबिया के जुवारा बंदरगाह से निकली थी। ये नाव भूमध्य सागर को पार कर यूरोप जाने की कोशिश कर रही थी। ट्यूशिशिया के रेड क्रीसेंट प्रमुख मोंगी स्लिम ने बताया कि ट्यूनिशिया की नौसेना ने नाव में सवार 84 लोगों को बचा लिया लेकिन 43 लोग डूबकर मारे गए। मिली जानकारी के मुताबिक ये नाव सोमवार को रवाना हुई थी। इस नांव में मिस्त्र, सूडान और बांग्लादेश के नागरिक सवार थे। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
काफी गहरा है विश्व प्रवासी का संकट
आरंभिक जांच के मुताबिक इंजन में खराबी आने की वजह से ये नाव डूब गई। कहा जाता है कि गर्मियों में उत्तरी अफ्रीका से यूरोप में दाखिल होने वाले प्रवासियों की संख्या में भारी इजाफा देखा गया है। हालांकि, अवैध तरीके से यात्रा करते हुए प्रवासियों की मौत का ये पहला मामला नहीं है। सीरिया के एक बच्चे आयलान की समुद्र तट में पड़ी लाश की तस्वीर अभी भी जेहन में ताजा है। अक्सर लोग समुद्र के रास्ते अवैध तरीके से किसी दूसरे में दाखिल होते हुए मारे जाते हैं।