logo

शादी के एक साल के अंदर ही पति की मौत, तब से दूध बेचकर 6 लड़कियों की कर रहीं परवरिश

शादी के एक साल के अंदर ही पति की मौत, तब से दूध बेचकर 6 लड़कियों की कर रहीं परवरिश

द फॉलोअप टीम, लखनऊ: 

कौन, किस उम्र में क्या काम करेगा यह हम नहीं बल्कि भाग्य पहले ही तय कर चुका होता है। ईश्वर की मर्जी के आगे भला किसकी चली है। नियति जिस उम्र तक चाहे हमसे काम ले सकती है। काम की चर्चा हम इसलिए कर रहे हैं क्योंकि एक 62 साल की बुजुर्ग महिला आज भी साइकिल पर सवार होकर दूध बेचने जाती हैं। जिस उम्र में लोग आराम की जिंदगी काट रहे होते हैं। उस उम्र में शिला बुआ के ऊपर 6 बेटियों की जिम्मेदारी है। आखिर कौन है यह शिला बुआ आइये जानते हैं। यह संघर्ष की कहानी है कासगंज के खेड़ा गांव के रहने वाली शिला बुआ की। जो 40 साल पहले विधवा हो चुकी हैं। दूध के पैसे से उनके परिवार का पालन पोषण हो रहा है। 

दोबारा नहीं की शादी 

दरअसल खेड़ा के रहने वाली शीला की शादी 1980 में अवागढ़ में हुई थी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था शादी को एक साल भी ना पूरे किए थे कि उनके पति इस दुनिया से चले गए। शिला विधवा होकर मायके चली आयीं। पिता ने फिर से शादी करवाना चाहा लेकिन शीला के भैया कैलाश की बीमारी से मौत हो गयी। इसके बाद शीला ने शादी का विचार छोड़ दिया और अकेले ही रहने का फ़ैसला किया। वह पिताजी के साथ खेती करने जाती थीं। धीरे-धीरे सभी बहनों और  भाई की शादी हो गयी। 1996 में पिता गुजर गए। कुछ समय बाद इनकी मां चल बसी।इसके बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी शीला बुआ ने उठाई। पढ़ी-लिखी नहीं थी इसलिए कोई नौकरी नहीं मिली। 

दूध का व्यापर बढ़ता गया 

शीला बुआ ने एक भैंस खरीदी। फिर दूध बेचने का काम शुरू किया। साइकिल पर घूम-घूम कर दूध बेचने लगी। सब लोग उनको शीला बुआ के नाम से पुकारने लगे।  धीरे-धीरे दूध का व्यापार बढ़ता गया। उन्होंने इस प्रकार  पांच भैंसे खरीद ली। रोज़ सुबह चार बजे उठकर दूध की टंकियाँ लेकर साइकिल पर बेचने के लिए निकल जाती हैं। शीला कहती हैं कि उनके ऊपर बहुत सी जिम्मेदारियाँ हैं। वह चाहकर भी बीमार नहीं पड़ती हैं। उनकी 6 भतीजियां हैं। उनमे से बड़ी भतीजी विधवा है। वह भी उनके ही पास रहती हैं। भतीजी की भी 6 बेटियाँ हैं। परिवार के लोगों की संख्या ज़्यादा है। उनको सँभालने के लिए ही मैं इस उम्र में भी मेहनत करती हूं। शीला ने अपने मेहनत से पूरा परिवार संभाले रखा है। वह किसी के आगे हाथ नहीं फैलाती हैं।