logo

90 साल के शफी अहमद की जिंदगी में आयी बहार, 75 साल की आरफ़ा ने थामा हाथ 

90 साल के शफी अहमद की जिंदगी में आयी बहार, 75 साल की आरफ़ा ने थामा हाथ 

द फॉलोअप टीम, लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक बेहद ही सकारात्मक खबर आ रही है। यहां एक 90 साल के बुजुर्ग की वीरान जिंदगी में फिर से खुशियों की बहार आ गयी  है। वह पिछले 25 साल से अकेले जिंदगी गुजार रहे थे लेकिन उनकी बेटियों को यह बात रास नहीं आ रही थी कि उनके पिता की जिंदगी इतनी सूनी रहे।  इसलिए बेटियों ने फैसला किया कि पिता की दोबारा शादी कर दी जाए। नब्बे साल के मोहम्मद शफी अहमद की शादी 75 साल की आरफ़ा से की गयी। ग्रामीण इस शादी का बखान करते नहीं थक रहे हैं। यह खबर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। 


25 साल पहले पत्नी की मौत 

मामला नरखेड़ा ग्राम पंचायत के गांव नरखेड़ी का है। 90 वर्षीय मोहम्मद शफी अहमद की पत्नी की मौत पच्चीस साल पहले हो गयी थी। बुजुर्ग की चार बेटियां है।  सबकी शादी हो चुकी है। बेटियों की शादी के बाद पच्चीस साल से शफी अहमद अकेले थें। वह एक परचून की दुकान चलाकर ज़िंदगी की गुजार रहे थें। पिता की अकेलेपन से लेकर खाना पकाने तक की समस्याओं को देख उनकी बेटियों ने पिता पर शादी का दवाब बनाया। पहले तो बुजुर्ग ने शादी से मना कर दिया था। लेकिन, बेटियों के दबाव के बाद वह तैयार हो गए। बेटियों ने मोहल्ला टांडा हुरमत नगर निवासी 75 वर्षीय विधवा आरफा बी  को देखा और विवाह का प्रस्ताव रखा। आरफा बी राजी हो गई। 

सभी रस्मों के साथ निकली बारात 

आरफा बी के हां करने के बाद विवाह की रस्में शुरू हुईं। बीते शनिवार को सफी अहमद को दूल्हा बने और सभी रस्मों के साथ बारात  निकली। बारात गांव से मोहल्ला टांडा हुरमत नगर  आरफा बी के मकान पहुचीं। शफी अहमद ने भी नातियों के साथ बारात में जमकर डांस किया। दोनों का निकाह हुआ और दुल्हन पक्ष की ओर से बारात को खाना भी खिलाया गया। दुल्हन को रुखसत किया गया। दुल्हन को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गयी। बाहरी गांव के लोग भी दूल्हा दुल्हन को देखने पहुंचे। दूल्हा भी बहुत खुश थे। 

नाती बने गवाह 
नाना के विवाह के गवाह उनके नाती भी बन गए। नाना के विवाह में नातियों ने जमकर डांस किया। नातियों ने बताया कि नाना का एक बेटा रहता तो वह विवाह नहीं करते। बहु के हाथ का खाना खाकर ही ज़िंदगी गुजार लेते। लेकिन, उनकी  चार बेटियां ही थीं।