द फॉलोअप टीम, इंदौर:
दुनिया की कई अटल सत्यों में एक सत्य यह भी है कि मां कभी अपने बच्चे को नुकसान पहुंचा ही नहीं सकती है। वह हमेशा अपने बच्चों की मुसीबतों के आगे ढाल बनकर खड़ी हो जाती है। अभी जिस मामले का हम जिक्र करेंगे उसमें अनजाने से ही मां के हाथों उसके बच्ची की जान चली गयी। घटना इंदौर के किशनगंज थाना स्थित श्रीनाथ काॅलोनी की है। जहां मां की नासमझी ने ढाई साल के मासूम की जान ले ली। बात यहां तक उतनी दर्द भरी नहीं है, जितनी बच्ची की मौत के बाद की है।
दरअसल ढाई साल की बच्ची अपनी बड़ी बहन के साथ खेल रही थी। तभी वह अचानक गिरकर घायल हो गई। मां ने उसे खटिया पर लेटा दिया और गुदड़ी ओढ़ा दी। जिससे बच्ची का दम घुट गया और उसकी मौत हो गयी। मां ने डर से मामले को छिपाने के लिए घर से 100 मीटर दूर ले जाकर बच्ची के शव को फेंक दिया। बाद में घर में आकर रोने लगी और कहने लगी कि बेटी गायब हो गयी है।
20 जून से लापता थी बच्ची
ढाई साल की बच्ची संध्या 20 जून की सुबह लापता थी। पुलिस ने जब खोजबीन शुरू की तो बच्ची का शव घर से 100 मीटर दूर मिला। मां मनीषा बेटी के शव से लिपटकर रोने लगी, जब पुलिस ने जांच शुरू की खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत दम घुटने से हुई थी। संध्या की मां मनीषा से पूछताछ की तो उसके बयानों में खुद ही उलझती दिख रही थी। बुधवार को सख्ती से पूछताछ में वह टूट गई और उसने पुलिस को पूरी कहानी बताई। मां ने बताया मैं घबरा गई। डर था कि पुलिस के चक्कर में उलझ जाएंगे। रात भर सोचती रही और जैसे ही सवेरा हुआ बेटी के शव को घर से 100 मीटर की दूरी पर फेंक आई।