द फॉलोअप टीम, डेस्क:
कोरोना वायरस के इलाज से जुड़ा एक चौंकाने वाला दावा किया गया है। दक्षिण कोरिया की योंसेई यूनिवर्सिटी द्वारा की गई एक स्टडी के मुताबिक कोरोना वायरस का इलाज पेट में पाए जाने वाले एक बैक्टीरिया की मदद से किया जा सकता है। स्टडी के मुताबिक इंसानों के पेट में ऐसा बैक्टीरिया है जो कोरोना का कारण बनने वाले सार्स-कोव-2 वायरस को मिटा सकता है। संबंधित पूरी बात जानिए।
दक्षिण कोरिया की योंसेई यूनिवर्सिटी का दावा
कई न्यूज वेबसाइट में छपी खबर के मुताबिक दक्षिण कोरिया की योंसेई यूनिवर्सिटी ने ये अध्ययन किया था। स्टडी में पता चला कि खतरनाक कोरोना वायरस से जंग में इंसान के पेट में पाया जाने वाला एक बैक्टीरिया मददगार हो सकता है। स्टडी करने वाले वैज्ञानिकों ने पाया कि बैक्टीरिया ऐसे कंपाउंड की उत्पत्ति करता है जो कोरोना का कारण बनने वाले सार्स कोव-2 वायरस की रोकथाम कर सकता है। वैसे भी कई स्टडी में ये पता चला था कि मामूली या गंभीर रूप से संक्रमित होने वाले कुछ कोरोना मरीजों में पेट से संबंधित लक्षण दिखे तो कुछ में फेफड़ों का संक्रमण दिखता है।
मुहम्मद अली नाम के शोधकर्ता ने की स्टडी
मिली जानकारी के मुताबिक दक्षिण कोरिया की योंसेई यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता मुहम्मद अली ने कहा कि हमने ये जानने का प्रयास किया कि क्या पेट में पाया जाने वाला बैक्टीरिया वायरस के हमले से आंत की रक्षा कर सकता है या नहीं। इस परिकल्पना को परखने के लिए शोधकर्ताओं ने कोरोना के खिलाफ पेट के बैक्टीरिया की भूमिका पर गौर किया। पता चला कि बिफिदोबैक्टीरियम नाम के बैक्टीरिया में ऐसी गतिविधियां होती है जो कोरोना महामारी की रोकथाम में कारगर साबित हो सकता है।
अध्ययन के लिए मशीन लर्निंग तकनीक इस्तेमाल
योंसेई यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने बीमारियों का मुकाबला करने वाले संभावित कंपाउंड की तलाश में मशीन लर्निंग तकनीक का भी इस्तेमाल किया। उनका मानना है कि इस तरह के कंपाउंड कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में उपयोगी साबित हो सकते हैं। शोधकर्ता अली मुताबिक उन्होंने मॉडल तैयार करने से पहले कोरोना वायरस संबंधी डाटा का भी इस्तेमाल किया।