द फॉलोअप टीम, लातेहार :
जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र (Barwadih Police Station Area) के हुकामाड़ पंचायत (Hukamad Panchayat) के मुरु गांव के अस्ना गढ़ा तालाब के पास शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने एक अधेड़ की सड़ी गली लाश बरामद की। ग्रामीण आशंका जता रहे हैं कि हाथी ने अधेड़ को मारा है। वहीं, वनपाल का कहना है कि अगर ऐसा होता तो शव के आसपास हाथियों के पैरों के निशान होते, जबकि वहां ऐसा कुछ नहीं मिला है। यह काम किसी जंगली जानवर का नहीं है। अधेड़ की मौत को लेकर फिलहाल खोजबीन की जा रही है।
हांथियों के वार से मौत की आशंका जताई जा रही है
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम (Postmortem) के लिए भिजवा दिया है। मृतक की पहचान बरवाडीह थाना क्षेत्र के हुकामाड़ पंचायत के ग्राम लेदगाईं निवासी 47 वर्षीय पृथ्वी सिंह उर्फ गोटा सिंह पिता लक्ष्मण सिंह के रूप में की गई है। इसकी खबर मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता कन्हाई सिंह, माले नेता बिरजू राम समेत गांव के दर्जनों लोग घटनास्थल पर पहुंचे। शव को देख लोगों ने अनुमान लगया कि पृथ्वी सिंह की मौत बेतला जंगल के जंगली हाथियों द्वारा मारे जाने से हुई है, क्योंकि जहां पर शव मिला है, वहां अक्सर जंगली हाथी आते हैं।
जांचमें जुटा वन विभाग
पूरे मामले की जानकारी बेतला वन विभाग(Forest department) को दी गई, जिसके बाद बेतला रेंजर प्रेम प्रसाद, वनपाल उमेश दुबे समेत कई वनकर्मी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की। उन्होंने कहा कि जिस जगह पर शव मिला है, वहां किसी जानवर के पैरों के निशान नहीं है। अगर जंगली हाथी मारता तो शव के आसपास हाथी के पैरों के निशान होते। पर ऐसा कुछ नहीं है।