द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड में सरकार गिराने की साजिश मामले में पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी। इस मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने पूरे मामले की जांच के लिए 4 टीम बनाई है। जिसमें से एक टीम जांच करने के लिए दिल्ली भी रवाना हो गई। द फॉलोअप को मिली जानकारी के अनुसार मामले में रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने 4 टीम का गठन किया है। एक टीम का नेतृव खलारी के डीएसपी अनिमेष नैथानी कर रहे हैं। दिल्ली में यह टीम उन होटलों से साक्ष्य जुटाएगी जहां विधायक ठहरे थे और महाराष्ट्र के कथित नेताओं से मुलाकात हुई थी। पुलिस उन जगहों का सीसीटीवी फुटेज और होटल का रिकॉर्ड भी खंगालेगी।
डीएसपी प्रभात रंजन बरवार को बनाया गया है केस का आईओ
सरकार गिराने की साजिश मामले में एसएसपी ने डीएसपी प्रभात रंजन बरवार को पूरे मामले की जांच का आईओ बनाया गया है। डीएसपी प्रभात रंजन के अलावे अलग-अलग डीएसपी इस मामले की तफ्तीश से जांच में जुटे हैं।

साइबर डीएसपी भी है जांच टीम में
जानकारी के अनुसार साइबर डीएसपी यशोधरा भी जांच के लिए बनाई गई एक टीम का नेतृत्व कर रही है। साइबर डीएसपी इस मामले में सभी फोन कॉल रिकॉर्ड अन्य तथ्यों को जुटाने में लगी है। साइबर डीएसपी ने इस मामले की जांच शुरू भी कर दी है। सबसे पहले उन फोन नंबरों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं जिसका जिक्र गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने किया है।
रांची के होटल ली लैक से पुलिस ने 3 लोगों को किया था गिरफ्तार
आपको बता दें कि रांची के कोतवाली थाना की पुलिस ने छापेमारी करते लाइन टैंक स्थित होटल ली लैक में छापेमारी करते हुए 22 जुलाई की रात को 3 लोगों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद उन्हें कोर्ट के सामने पेश कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने बताया था कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से 2 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों पर सरकार गिराने की साजिश का आरोप लगाया था।

बेरमो विधायक की शिकायत पर हुई थी कार्रवाई
आपको बता दें कि बेरमो से कांग्रेस के विधायक जयमंगल सिंंह उर्फ अनूप सिंह की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की थी।जयमंगल ने पुलिस को लिखित जानकारी दी थी कि झारखंड में सरकार को अस्थिर करने की साजिश कुछ लोग रच रहे हैं और होटल में ठहरे हैं। उसके बाद छापेमारी कर पुलिस ने गिरफ्तार किया था।