द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का एक ट्वीट आज चर्चा में है। हालांकि इस ट्वीट में सिर्फ तीन शब्द हैं, 'चोर की दाढ़ी।' दरअसल राफेल सौदे का मामला फिर उठ गया है। राफेल शब्द का मतलब ही होता है तूफान। पूरा अर्थ 'अचानक उठा हवा का झोंका।' लेकिन अभी अचानक इसलिए मामला उठा है कि राफेल सौदे को लेकर जांच के लिए फ्रांस में एक जज की नियुक्ति की गई है। इधर, कांग्रेस ने मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की मांग कर दी है। और राहुल का ट्वीट दरअसल इसी पर कटाक्ष करता है।
विदेश से आई रिपोर्ट
अभी राफेल मामला इसलिए गर्म हो गया है कि इस संबंध में एक रिपोर्ट आई है। यह रिपोर्ट फ्रांस की समाचार वेबसाइट ‘मीडिया पार्ट' ने छापी है। जिसमें कहा गया है कि भारत के साथ 59,000 करोड़ रुपए का राफेल विमान सौदा हुआ। इस कथित भ्रष्टाचार की जांच जिम्मेदारी की फ्रांस के एक न्यायाधीश को सौंपी गई है।
कांग्रेस ने कहा, मोदी कराएं मामले की जेपीसी जांच
कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी पहले से कहते रहे हैं कि विमान सौदे में ‘घोटाला' हुआ है। अब इसकी पुष्टि भी फ्रांस की इस मीडिया रिपोर्ट ने कर दी है। अब यह घोटाला सबके सामने आ चुका है। फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांसवा ओलांद और वर्तमानराष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों की भी जांच होगी। राफेल निर्माता कंपनी दसाल्ट की साझेदार भारतीय कंपनी रिलायंस की भी जांच के घेरे में है। कांग्रेस ने मांग की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मामले की जेपीसी जांच करानी चाहिए।