logo

थाना प्रभारी को सेहरा पहनाकर दी गई विदाई, प्रेमी जोड़ों को मिलाने से हुए थे फेमस 

थाना प्रभारी को सेहरा पहनाकर दी गई विदाई, प्रेमी जोड़ों को मिलाने से हुए थे फेमस 

द फॉलोअप टीम, लखनऊ:

संभल में प्रेमी जोड़ों को मिलाकर उनकी शादी करवाने के लिए लोकप्रिय दरोगा रणवीर सिंह का तबादला हो गया। वो असमोली थाना के प्रभारी थे। उनको अलग तरीके से विदाई दी गई। दरोगा को सेहरा पहनाकर बग्गी में दूल्हे की तरह बैठाया गया। बैंड बाजे की धुन पर लोगों ने जमकर डांस किया। उन पर  नेग-न्योछावर भी लुटाये गए। 

 

सेहरा पहनाकर दी गयी विदाई 
दरअसल पिछले 2 साल से रणवीर सिंह असमोली ठाणे में थे। उनका तबादला अब अमरोहा जनपद में हो गया।  जब इस बात की जानकारी इलाके के लोगों को हुई तो सैंकड़ों लोग थाने पहुंचे। लोगों ने बैंडबाजे और बग्गी का इंतजाम किया। रणवीर सिंह को बहुत ही यादगार विदाई दी गई।  इसे वे कई सालों तक नहीं भूल पाएंगे। दरोगा रणवीर सिंह वर्दी में थे लेकिन उनको दूल्हे वाला सेहरा सजाकर गले में जयमाला पहनाया गया। बैंड बाजे की धुन पर नाचते लोगों ने रणवीर सिंह को घोड़ा बग्गी पर बैठाया। 

 

प्यार को मंजिल दिलाते थे दरोगा 
रणवीर सिंह की पहचान प्रेमी जोड़ों को मिलाने से बन गई थी। प्रेम प्रसंग के मामलों में वे युवक और युवती के घरवालों को थाने बुलाकर उनकी शादी करा देते थे। प्रेमी युगल बिना डरे थाने में रणवीर सिंह के पास पहुंच जाते थे। उन्होंने दो साल में 24 से ज्यादा प्रेमी युगल को मिलाकर उनकी शादियां कराई हैं। असमोली थाने का भवन दो साल पहले बेहद जर्जर हालत में था लेकिन रणवीर सिंह के आने से थाने की रौनक ही बदल गयी थी। लोग उनसे काफी खुश थे। 

 

कार्यकाल में किए कई यादगार काम
दरोगा रणवीर सिंह ने आधुनिक सुविधाओं वाला ऑफिस बनवाया, मीटिंग हाल बनवाया साथ ही बढ़िया खेल मैदान भी पुलिस कर्मियों के लिए विकसित कराया। इस थाना क्षेत्र को अपराध के नजर से काफी संवेदनशील माना जाता है। दो साल तक कोई थाना प्रभारी इस थाने में नहीं टिक पाया। रणवीर सिंह ने दो साल का कार्यकाल पूरा किया।  उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की।