logo

युवक ने सोनू सूद के अच्छे स्वास्थ्य के लिए रखा उपवास, पूरी कहानी आपको इमोशनल कर देगी

7660news.jpg
द फॉलोअप टीम, गढ़वा: 

बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना लेकर एक फैन ने नवरात्रि का व्रत किया। फैन ने बकायदा कलश स्थापना की और उपवास रखा। फैन ने भगवान से अभिनेता के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की। पूरा मामला गढ़वा जिला स्थित डंडई प्रखंड के बौलियां गांव का है। युवक का नाम पप्पू यादव है। युवक खुद ट्यूमर की बीमारी से पीड़ित है। 

सोनू सूद के दीवाने क्यों हैं पप्पू यादव
युवक की सोनू सूद के प्रति दीवानगी यूं ही नहीं है। पप्पू यादव ने बताया कि वो ट्यूमर की बीमारी से ग्रसित था। बाद में किडनी में भी इंफेक्शन हो गया था। कई बड़े अस्पतालों में इलाज के बाद भी ठीक नहीं हो रहा था। बकौल पप्पू, जब उन्होंने सोनू सूद को कोरोना काल में लोगों की मदद करते देखा तो उसके मन में उम्मीद जगी। घरवालों को बिना बताए वो सोनू सूद से मिलने मुंबई पहुंचा। पप्पू ने अभिनेता को अपनी परेशानी बताई। सोनू सूद ने पप्पू यादव को पहले तो खाना खिलाया। कपड़ा दिया। 

सोनू सूद ने करवाया था पप्पू का इलाज
पप्पू यादव ने बताया कि अभिनेता सोनू सूद ने उन्हें कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल, साईं हॉस्पिटल और दादा साहेब ठाकरे हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। यहां उनका इलाज हुआ और नई जिंदगी मिली। पप्पू के मुताबिक सोनू सूद ने कई लाख रुपये खर्च किए। आज भी सोनू सूद उनकी आर्थिक मदद करते हैं। पप्पू के मुताबिक सोनू सूद से मिलकर उन्हें लगा कि भगवान से मुलाकात हो गयी। 

सोनू सूद के अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना
पप्पू का कहना है कि यदि उनकी मुलाकात सोनू सूद से नहीं होती तो उनकी जिंदगी नहीं बच पाती। सोनू सूद ने ही उनको नई जिंदगी दी। बकौल पप्पू, जैसे ही उन्हें सोनू सूद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी मिली वे चिंतित हो गयी। उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए ही पप्पू ने व्रत रखा। वे भगवान से सोनू सूद के जल्दी ठीक होने और बेहतर स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं।