द फॉलोअप टीम, हनुमानगढ़:
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में प्रेम प्रसंग मामले में एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने इस हत्या की वीडियो भी सोशल मीडिया पर भी वायरल की है। हत्यारों ने लाश को मृतक के घर के बाहर फेंक दिया और फरार हो गए। हनुमानगढ़ पुलिस ने ग्यारह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामला हनुमानगढ़ के पीलीबंगा क्षेत्र के गांव प्रेमपुरा का है। मृतक का नाम जगदीश मेघवाल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस थाने के सामने धरना दिया है। ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तब तक युवक के शव को नहीं लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि युवक की हत्या प्रेम प्रसंग मामले में की गयी है।
घर के बाहर फेंका शव को
मृतक के पिता बनवारीलाल ने बताया कि शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे प्रेमपुरा निवासी विनोद, मुकेश, लालचंद उर्फ रामेश्वर, सिकंदर और दिलीप राजपूत दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए। उनलोगों ने जगदीश को बीच में बैठा रखा था। जगदीश को घर के सामने फेंका और चल दिए। पिता ने बेटे को संभालने की कोशिश की तो देखा कि उसकी सांस नहीं चल रही है। पिता ने बताया कि 7 अक्टूबर की दोपहर बेटा सूरतगढ़ जाने की बात कहकर घर से निकला था। वहां से लौटते समय आरोपियों ने उसका अपहरण किया और पीट-पीटकर मार डाला। पिता ने आशंका जताई कि कुछ लोग जगदीश की हत्या की योजना पहले से ही बना रहे थे।

30 लाख मुआवजे की मांग
परिजनों ने तीस लाख का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग की है। प्रशासन ने फिलहाल इस पर हामी नहीं भरी है, लेकिन कहा है कि उचित मुआवजा मिलेगा। भाजपा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा कह रही है लखीमपुर खीरी में सियासत चमकाने की कोशिश कर रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी राजस्थान क्यों नहीं जाते। वहां न दलित सुरक्षित हैं और न महिलाएं। भाजपा के नेता गौरव भाटिया ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्य में मुख्यमंत्री की नाक के नीचे हत्या होती है, लेकिन कोई सुध नही लेता और न ही कोई गिरफ्तारी होती है। बता दें कि भूपेश का पोस्टमार्टम दो दिन बाद यानी शनिवार को हुआ। फिलहाल यह मामला राजनीतिक रूप ले रहा है, बीजेपी लगातार इस मामले में कांग्रेस पर निशाना साध रही है।