द फॉलोअप टीम, नालंदा:
बिहार में पकड़ौआ ब्याह का मामला फिर जोर पकड़ रहा है। बीते कुछ दिनो में लगातार राज्य में पकडौआ शादी बात सामने आ रही है। ताजा मामला नालंदा का है। जिले के मानपुर में एक युवक पकड़ौओ विवाह का शिकार हो गया। शादी के बाद पीड़ित युवक ने पुलिस को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। जांच जारी है।
धनुकी गांव के युवक की परोहा में शादी
युवक ने लिखित आवेदन में बताया कि वो धनुकी गांव का रहने वाला है। मानपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत परोहा गांव के समीप ग्रामीणों ने उसे पकड़ा और जबर्दस्ती शादी करवा दी। उसे रात भर बंधक बनाकर भी रखा। युवक ने अपने साथ मारपीट की भी शिकायत की है। युवक का कहना है कि उके मानवाधिकारों का हनन किया गया है।
छठ पूजा का प्रसाद देने आया था युवक
पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि वो छठ पूजा का प्रसाद देने अपनी बहन के ससुराल सरबहदी आया था। जब वो वहां से लौट रहा था तो रास्ते में परोगा गांव के पास कुछ लोगों ने उसे हथियार के बल पर अगवा कर लिया। उसकी जबरन शादी करवा दी गई। जब युवक ने शादी से मना किया तो उसके साथ लड़की के परिजनों और गांव वालों ने मारपीट की।
पुलिस ने मामले में दर्ज की है प्राथमिकी
युवक न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंचा। मामले में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि परोहा गांव निवासी संजय यादव और गन्नू यादव सहित 3 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज क लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। फिलहाल किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। थाना प्रभारी ने कहा कि किसी को बख्शा नहीं जायेगा।