logo

रील लाइफ मिल्खा ने रियल लाइफ मिल्खा सिंह के लिए किया भावुक पोस्ट, लिखा- मैं भरोसा नहीं कर पा रहा हूं....

9942news.jpg
द फॉलोअप टीम, मुंबई: 

फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर भारत के मशहूर और महान धावक मिल्खा सिंह का निधन हो गया। पोस्ट कोविड समस्याओं की वजह से चंडीगढ़ के पीजीआई हॉस्पिटल में 91 वर्षीय मिल्खा सिंह ने अंतिम सांस ली। दुनियाभर से लोग अपने-अपने तरीके से दिवंगत मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अब मिल्खा सिंह की बायोपिक में उनका किरदार निभाने वाले बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर ने एक भावुक पोस्ट लिखकर मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि दी है। उनका पोस्ट वायरल हो रहा है। 

रील लाइफ मिल्खा सिंह का भावुक पोस्ट
रील लाइफ मिल्खा सिंह ने रियल लाइफ मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा कि मेरे अत्यंत प्रिय मिल्खा सिंह जी। मैं अब भी भरोसा नहीं कर पा रहा हूं कि आप नहीं रहे। शायद वो आपकी जिद मेरे भीतर समाहित हो गई थी। ये ऐसी चीज है जो क बार दिमाग में बैठ जाए तो कभी पीछे मुड़कर देखने का मन नहीं करता। सच ये है कि आप हमेशा जिंदा रहेंगे। क्योंकि आप एक बड़े दिल, प्यारे और गर्मजोशी और जमीन से जुड़े इंसान ज्यादा थे। आप एक विचार थे। 



फरहान अख्तर ने मिल्खा सिंह को किया याद
रील लाइफ मिल्खा सिंह यानी फरहान अख्तर ने आगे लिखा कि कड़ी मेहनत, ईमानदारी और प्रतिबद्धता से इंसान कैसे आसमान छू सकता है आप उसका प्रतिनिधित्व करते थे। आपने हम सबके जीवन को प्रभावित किया। जो आपको एक पिता और दोस्त के रूप में जानते थे उनके लिए ये सौभाग्य था। जो लोग आपको नहीं जानते थे उनके लिए आप प्रेरणास्त्रोत और सफलता के बाद भी विनम्र रहने की याद दिलाते थे। मैं आपको दिल से प्यार करता हूं। आप हमेशा याद आएंगे। 

भाग मिल्खा भाग नाम से बनी थी बायोपिक
फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह की जिंदगी पर बनी बॉलीवुड फिल्म भाग मिल्खा भाग 11 जुलाई साल 2013 को रिलीज हुई थी। उस फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर ने मिल्खा सिंह का किरदार निभाया था। राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने इस फिल्म का निर्देशन किया था। फिल्म में मिल्खा सिंह द्वारा बंटवारे के वक्त किए गए संघर्ष, रिफ्यूजी कैंप में उनकी जिंदगी और सेना से होते हुए देश का महान एथलीट बन जाने तक का सफर दिखाया गया था। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कामयाबी मिली थी। साल 2014 में 61वें राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ मनोरंजक फिल्म का पुरस्कार मिला था। अब मिल्खा सिंह लोगों की यादों में रह गये हैं।