द फॉलोअप टीम, मुंबई:
नब्बे के दशक में फ़िल्म 'क़यामत से क़यामत तक' ने धमाल मचा दिया था। इसके दो मासूम से चेहरे रातों रात स्टार बन गए थे। डिम्पल मुस्कान वाली चुलबुली जूही चावला और चॉकलेटी आमिर खान। अब यह चुलबुली दूसरी क़यामत करने जा रही है। वो 5G वायरलेस नेटवर्क के खिलाफ हाई कोर्ट पहुंच गई है ।याचिका दायर कर दी है। जूही चावला का कहना है कि इससे नुकसान होगा।
जीव-जंतु के लिए नेटवर्क हानिकारक
जूही चावला का कहना है कि इस नेटवर्क से लोगों को नुकसान होगा। यह हम सब के लिए हानिकारक है। इस नेटवर्क के प्रभाव से पृथ्वी पर कोई भी व्यक्ति, जानवर, पक्षी, कीट और पौधा नहीं बच सकेगा। इस मामले में कोर्ट में 2 जून को सुनवाई होगी। सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे कई संदेश दिख रहे हैं। जिनमें कोरोना के लिए 5G की टेस्टिंग को ही जिम्मेदार बताया जा रहा है।
जूही क्या कहतीं है 5G टेस्टिंग पर
जूही चावला ने भारत में 5G ट्रायल रोकने के लिए अदालत में अर्जी डाल दी है। उनका कहना है कि, "हम टेक्नोलॉजी के खिलाफ़ नहीं हैं। बल्कि हमें तो लेटेस्ट टेक्नोलॉजी के डिवाइस इस्तेमाल करने में मज़ा आता है। जिसमें वायरलैस कम्युनिकेशन भी शामिल है लेकिन इन लेटेस्ट उपकरणों के इस्तेमाल के साथ ही हम लगातार इससे होने वाले खतरों को लेकर एक असमंजस में भी बने रहते हैं। जब हमनें इन उपकरणों और नेटवर्क टावर्स से निकलने वाली रेडिएशन के बारे में रिसर्च की, तब हमें कई पर्याप्त कारण मिले जो ये साबित करते हैं कि रेडिएशन लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है।”
5G टेस्टिंग पर रोक की मांग
लोगों का कहना है 5G टावरों से निकली हुई रेडिएशन हवा को जहरीला बना रहा है, इसलिए लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। वायरल मैसेज में सरकार से टेस्टिंग पर तुरंत रोक लगाने की मांग भी की गई है। WHO ने ऐसी बातों को महज अफवाह बताया था। भारत में टेलीकॉम कंपनियों में इसका ट्रायल चल रहा है। 5G में स्पीड के साथ ही इससे कनेक्टिविटी भी काफी बढ़िया होगी। 5G टेक्नोलॉजी से ड्राइवरलेस कार, हेल्थकेयर, वर्चुअल रियल्टी, क्लाउड गेमिंग के लिए भी नए रास्ते खोलेगा। Qualcomm के अनुसार 5G अभी तक 13.1 ट्रिलियन डॉलर ग्लोबल इकोनॉमिक आउटपुट दे चुका है।