द फॉलोअप टीम, अयोध्या:
कल से अयोध्या में रामजन्म भूमि मंदिर के लिए चंदे के दुरुपयोग का आरोप सामने आ रहा है। इल्जाम है कि मंदिर के नाम पर दो बार एक ही जमीन खरीद ली गई। जिसमें करोड़ों का घोटाला हुआ। जबकि आस्थावान देशवासियों ने मंदिर के लिए चंदा दिया था। अब ताजा खबर यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने बाबरी मस्जिद के बदले 5 एकड़ जमीन जिस मस्जिद निर्माण के लिए अलॉट की है, चंदे की बात वहां भी सामने आ रही है। खबर है कि मस्जिद के लिए विदेशों से चंदा लिया जाएगा। इसके लिए इंडो-इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन (आईआईसीएफ) ट्रस्ट ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) दिल्ली में विदेशी योगदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) खाते के लिए अपना आवेदन जमा कर दिया है। इसकी मंजूरी मिलते ही विदेशों से चंदा आने में आसानी हो जाएगी। आईआईसीएफ ही मस्जिद निर्माण की देखरेख कर रहा है। मस्जिद धन्नीपुर गांव में बन रही है।
300 बेड वाला अस्पताल भी बन रहा
आईआईसीएफ के प्रवक्ता अतहर हुसैन ने बताया कि मस्जिद परिसर में 300-बेड वाला अस्पताल भी बनाया जाना है। कोराना काल में इसकी जरूरत और महसूस की गई है। इसके लिए दाताओं से धन इकट्ठा किया जाएगा। आईआईसीएफ के नाम पर एफसीआरए खाता पंजीकृत होने के बाद ट्रस्ट गृह मंत्रालय से मंजूरी लेने की कोशिश करेगा।
मस्जिद परिसर में और क्या-क्या होगा
मस्जिद परिसर में अस्पताल के अलावा एक सामुदायिक रसोई होगी। जिसमें में हर दिन लगभग 1,000 लोगों को भोजन की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा अंग्रेजों के खिलाफ 1857 के साझा हिंदू-मुस्लिम संघर्ष को उजागर करने वाला एक संग्रहालय-पुस्तकालय भी होगा।