द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के आह्वान पर पूरे देश में 8 जुलाई को विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। नारा होगा, डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों को आधा करें, तीन केंद्रीय कृषि कानूनों को निरस्त करें और सभी वस्तुओं के लिए एक एमएसपी गारंटी कानून लागू करें आदि। प्रदर्शन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच किया जाएगा। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा 22 जुलाई से संसद के समक्ष विरोध प्रदर्शन के लिए विस्तृत योजना बना रहा है।
आंदोलन का 221वां दिन
बता दें कि तीन नए कृषि कानूनों को निरस्त करेने की मांग को लेकर दिल्ली की सीमा पर किसान कई महीने से आंदोलनरत है। आज आंदोलन का 221वां दिन है। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से बलबीर सिंह राजेवाल, डॉ दर्शन पाल, गुरनाम सिंह चढूनी, हन्नान मोल्ला, जगजीत सिंह डल्लेवाल, जोगिंदर सिंह उगराहां, शिवकुमार शर्मा (कक्का जी), युद्धवीर सिंह और योगेंद्र यादव ने बयान जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि भाजपा और सहयोगी दलों के नेताओं को किसानों की अभिव्यक्ति की शिकायत करने की बजाय, उनके गुस्से की जड़ को समझना चाहिए।
पेट्रोल की कीमत लगभग 100 रुपये प्रति लीटर
देश में आज डीजल और पेट्रोल की कीमत लगभग 100 रुपये प्रति लीटर है। ज्ञात हो कि आम नागरिकों द्वारा भुगतान किए जा रहे ईंधन की कीमतों का 65% कर के रूप में सरकार को जाता है। भारत में ईंधन की कीमतें अभी श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल जैसे हमारे पड़ोसी देशों सहित अन्य देशों की तुलना में काफी अधिक हैं। सच्चाई यह है कि विमानन ईंधन उस ईंधन से सस्ता है जिसका उपयोग किसानों जैसे आम उपभोक्ता करता है।
पांच प्रदर्शनकारी संसद के बाहर विरोध करेंगे प्रदर्शन
संयुक्त किसान मोर्चा ने घोषणा की है कि 19 जुलाई से प्रारंभ होने वाले आगामी संसद सत्र के दौरान वह संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगा। 22 जुलाई से हर दिन एसकेएम से जुड़े प्रत्येक संगठन के पांच प्रदर्शनकारी संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे। एसकेएम विपक्षी दलों को यह सुनिश्चित करने के लिए भी पत्र लिखेगा कि वे सक्रिय रूप से किसानों की मांगों को उठाएं। इस बावत एसकेएमम ने कहा, "हम चाहते हैं कि विपक्षी दल यह सुनिश्चित करें कि किसानों का आंदोलन और उसकी मांगें मुख्य मुद्दा बनें और हमारी मांगों को पूरा करने के लिए सरकार पर दबाव डाला जाए। हम नहीं चाहते कि विपक्ष हंगामा करे या कार्यवाही से बाहर जाए। लेकिन संसद के अंदर रचनात्मक रूप से शामिल हों, जबकि किसान बाहर विरोध करते हैं।"