logo

जल कर के विरोध में रांची मेयर की अगुवाई में राजभवन के समक्ष धरना, भाजपा विधायक भी रहे शामिल

15058news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

जल कर और वाटर कनेक्शन शुल्क में की गई सरकारी वृद्धि के विरोध में राजभवन के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया।  राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा गया। जिसमें भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक रही। इसमें तीन विधायक भी शामिल रहे। वहीं जमकर हेमंत सरकार पर बरसे भी। अगुवाई कर रहीं रांची मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि राज्य सरकार ने पूरे राज्य में नगर निकाय से लेकर नगर पंचायत स्तर तक जल कर व वाटर कनेक्शन शुल्क में वृद्धि कर आम जनता के ऊपर आर्थिक बोझ डालने का काम किया है। इसके बाद नगर आयुक्त ने रांची नगर निगम परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव अस्वीकृत किए जाने के बावजूद अपनी मनमानी कर बैक डेट से जल कर व वाटर कनेक्शन में की गई वृद्धि को अवैध रूप से लागू कर दिया। उन्होंने राजधानी वासियों से अपील करते हुए कहा कि जल कर का भुगतान पुराने दर पर ही करें। राज्य सरकार की ओर से निर्धारित की गई नई जल कर नीति का विरोध करें। रांची नगर निगम की ओर से यदि जल कर की नई दर के हिसाब से जल कर का भुगतान करने का नोटिस या बिल भेजा जाता है तो कदापि उसका भुगतान न करें क्योंकि निगम से अस्वीकृत होने के बावजूद गैर कानूनी तरिके से इस रांची में लागू किया गया है।

 

 

स्थानीय विधायक सीपी सिंह ने कहा कि आम लोगों को जल मिलना चाहिए। जल ही जीवन है। परंतु हेमंत सरकार ने जल कर व वाटर कनेक्शन शुल्क में वृद्धि कर बहुत बड़ा गुनाह किया है। राजधानी के लोगों को वर्तमान में नियमित रूप से जलापूर्ति भी नहीं की जा रही है। कभी पानी मिलता है तो कभी चार-चार दिनों तक राजधानी के लोगों को पानी नसीब नहीं होता। इस परिस्थिति में राज्य सरकार जल कर में कटौती तो नहीं करती है। राजधानी के लोगों को पानी चाहिए। इसलिए राज्य सरकार को सबसे पहले हर घर तक नल से जलापूर्ति की व्यवस्था करनी चाहिए, परंतु राज्य सरकार ने ठीक इसके विपरीत जल कर में वृद्धि करने की पहल कर दी, जो न्यायोचित नहीं है।

कांके विधायक समरी लाल ने हेमंत सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि हमें हथकडि़यों का डर मत दिखाओ, जेल हमने भी देखा है। जब तक जेल में चना रहेगा, आना-जाना लगा रहेगा। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई को अंतिम क्रिया तक भी ले जाना होगा तो हम ले जाएंगे। अंग्रेजों ने नमक पर टैक्स लगाया था, अब हेमंत सोरेन की सरकार पानी पर टैक्स लगाकर अपना कब्र खोद रही है।

 

हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि जेएमएम व कांग्रेस गठबंधन की सरकार जबसे सत्ता में आई है, तबसे आम जनता त्रस्त हो चुकी है। राज्य सरकार की जान विरोधी नीति का विरोध करना होगा। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर ने कहा कि राज्य सरकार ने पानी पर जो टैक्स बढ़ाया है, उसे किसी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे। सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि यह सरकार जनविरोधी है और आम जनता को ठगने का काम कर रही है।

मौके पर केके गुप्ता, अध्यक्ष,भाजपा रांची महानगर, अमित कुमार, भाजपा प्रवक्ता, लालित ओझो, प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री झारखण्ड, शांशक राज, अजय मुण्डा, रमाकांत महतो, संजय महतो, वरुण साहू,  रोमित नारायण सिंह, भाजुमो रांची महानगर, श्रीमती मंजू लता, व श्रीमती सिमा सिंह, महिला मोर्चा के प्रदेश महामंत्री झारखंड जनशक्ति मजदूर यूनियन, रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, हिंदू जागरण मंच, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा, मोहल्ला विकास समिति,युवा सोच रांची, भारतीय जनता युवा मोर्चा, झारखंड प्रदेश भोजपुरी युवा विकास मंच,महिला मोर्चा भाजपा, विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, रांची लोकल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, रांची ब्रोकर एसोसिएशन, महावीर मंडल रांची, परिवहन सेवक समिति, आदिवासी सरना समिति, केंद्रीय सरना समिति, किसान मोर्चा, व्यवसायिक संघ, झारखंड लेखक संघ, स्नेह फाउंडेशन, वनवासी कल्याण केंद्र, लायंस क्लब रांची रोवरिंग, लायंस क्लब ऑफ फेमिना,चेंबर ऑफ कॉमर्स, राष्ट्रीय आदिवासी मंच, सुरक्षा मंच, झारखंड सरना चाला युवा विकास समिति व हिन्दू युवा वाहिनी झारखण्ड प्रदेश के आलावेे रांची के आम- जनता उपस्थित रहे।