logo

कृषि कानून वापसी बिल-2021 लोकसभा में ध्वनितम से पारित, कांग्रेस ने कहा अलोकतांत्रिक कदम

15497news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

लोकसभा में विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने का बिल-2021 पेश किया। कृषि बिल रिपील बिल-2021 ध्वनिमत से लोकसभा से पास हो गया। गौरतलब है कि विपक्ष बिल पर बहस की मांग कर रहा  था। हालांकि, बिल के ध्वनिमत से पारित होने के बाद सदन की कार्यवाही को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। शीतकालीन सत्र की शुरुआत ही हंगामेदार रही।

अलोकतांत्रिक तरीका अपना रही सरकार
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी के नेता जयराम रमेश ने सोमवार सुबह ट्वीट कर कहा था कि मोदी सरकार संसद में बहस के बिना ही बिल को वापस लेना चाहती है। जयराम रमेश ने कहा कि 16 महीने पहले विधेयकों को अलोकतांत्रिक तरीके से पास किया गया था। इसे वापस भी उसी तरीके से लेने की कोशिश की जा रही है। ये संवैधानिक नहीं है। 

सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रदर्शन
इससे पहले कांग्रेस पार्टी के सांसदों ने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। कांग्रेस फार्म लॉ रिपील बिल-2021 पर चर्चा की मांग कर रही थी। साथ ही कानूनों को वापस लेने के लिए भी प्रदर्शन किया जा रहा था। यहां कांग्रेसी सांसदों ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी की। टीएमसी सांसदों ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने कृषि कानून वापसी बिल-2021 पर चर्चा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। 

बीते दिन प्रधानमंत्री ने किया था वापसी का ऐलान
गौरतलब है कि बीते 1 साल से किसान कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। विपक्ष का आंदोलन को पूरा समर्थन हासिल है। हाल ही में प्रधानमंत्री ने गुरू परब के मौके पर ऐलान किया कि सरकार कृषि कानून वापस लेने जा रही है। पीएम ने कहा कि हम अपना उद्देश्य किसानों को ठीक तरीके से नहीं समझा पाये।