द फॉलोअप टीम, लखनऊ:
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एलान कर दिया है कि वह विधानसभा चुनाव नही लड़ेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि वो छोटी पार्टियों से गठबंधन कर रहे हैं। चुनाव के लिए उनकी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के बीच गठबंधन के बाद सीटों पर अंतिम चरण में बातचीत चल रही है। चाचा शिवपाल यादव की समाजवादी पार्टी लोहिया (पीएसपीएल) को साथ लेने की बात पर अखिलेश ने कहा, मुझे इसमें कोई समस्या नहीं है। उन्हें उचित सम्मान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पर कसा तंज
हरदोई में अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा था और कहा कि 'अभी तक तो हम यह जानते थे कि हमारे मुख्यमंत्री लैपटॉप चलाना नहीं जानते, लेकिन अभी एक अधिकारी ने बताया कि वह मोबाइल भी चलाना नहीं जानते हैं। जरा, सोचो जो आज के जमाने में मोबाइल और लैपटॉप नहीं चला पाए वह नौजवानों की बात क्या समझेंगे?' अखिलेश ने भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा। भाजपा पर जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि दुनिया में भारत की पहचान अनेक धर्म और जाति के लोगों का एक साथ मिलकर रहने की रही है। कोई हमें लड़ाने का काम करे, हम उसे नहीं मानेंगे।

भाजपा ने सिर्फ दो काम किया
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के दो सबसे प्रिय काम हैं। एक स्थानों के नाम बदलना और दूसरा शौचालय बनवाना। सपा सरकार में न्यूयॉर्क पुलिस की तर्ज पर उत्तर प्रदेश पुलिस की हेल्पलाइन सेवा 'यूपी 100' शुरू की लेकिन मुख्यमंत्री योगी ने इसका भी नाम बदल कर 'डायल 112' कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोल डीजल महंगा करके निजी कंपनियों का मुनाफा करवाया जा रहा है। 'जब जब समाजवादी विजय रथ चला है तब तब सपा की सरकार बनी है और अब तो पेट्रोल डीजल महंगा करके सरकार भी इशारा कर रही है कि आप साइकिल चलाइए।