द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। संभवत ये मुलाकात लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर हुई। अखिलेश यादव ने इस मुलाकात को शिष्टाचार मुलाकात बताया। उन्होंने ट्वीट कर लालू यादव के साथ मुलाकात की जानकारी दी।
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दी जानकारी
अखिलेश यादव ने लालू प्रसाद यादव के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीर को साझा करते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि "दिल्ली में माननीय लालू प्रसाद यादव जी से मिलकर उनके स्वास्थ्य-लाभ की सकारात्मक प्रगति जानी। हम सब की तरफ़ से उनको स्वस्थ और सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं"! इस मुलाकात पर राजनीतिक गलियारों में काफी हलचल है।
मुलाकात के निकाले जा रहे सियासी मायने
बिहार में जारी सियासी घमासान के बीच लालू प्रसाद यादव और अखिलेश यादव की मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। अगले साल यूपी विधासनभा चुनाव भी होना है। इस मुलाकात को उस परिप्रेक्ष्य में भी देखा जा रहा है। बता दें कि अभी पिछले दिनों अपने परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में लालू प्रसाद यादव ने अपना 74वां जन्मदिन मनाया था। चारा घोटाला मामले में जमानत मिलने के बाद से ही लालू प्रसाद यादव दिल्ली में स्थित मीसा भारती के आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
फिलहाल दिल्ली में प्रवास कर रहे लालू यादव
बीते कुछ दिनों से लालू प्रसाद यादव को राजनीतिक रूप से सक्रिय देखा जा रहा है। उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ वर्चुअल बैठकें की हैं। बिहार की राजनीतिक और सत्ता पर उनकी तीखी निगाह है। लालू यादव बीते कुछ सालों से चारा घोटाला मामले में रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागर में बंद थे। उनको हाल ही में जमानत मिली। रिहा होने के बाद से ही लालू प्रसाद यादव दिल्ली में हैं।