द फॉलोअप टीम, लखनऊ:
आगामी कुछ महीनों में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है। केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने तारीखों का एलान तो नहीं किया है लेकिन सियासी गहमा गहमी तेज हो गई है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2022 में होने वाली यूपी विधानसभा चुनाव के लिए शंखनाद कर दिया है। गौरतलब है कि अखिलेश यादव 12 अक्टूबर से समाजवादी विजय यात्रा की शुरुआत करेंगे।

चरणबद्ध तरीके से हर जिले में जाएंगे अखिलेश
गौरतलब है कि अखिलेश यादव रथ पर सवार होकर चरणबद्ध तरीके से यूपी के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे। इसके लिए 3 महीने का वक्त तय किया गया है। पहले चरण में वे लखनऊ से चलकर कानपुर पहुंचेंगे। वहां जनसभा भी आयोजित की जाएगी। यहां से आगे बुंदेलखंड जाएंगे। गौरतलब है कि इसी रूट पर चलकर सपा अध्यक्ष को यूपी का मुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य मिला था। गौरतलब है कि 21 जुलाई को उन्होंने उन्नाव में जनसभा को संबोधित किया था।
12 अक्टूबर को समाजवादी विजय यात्रा निकलेगी
मिली जानकारी के मुताबिक वे 12 अक्टूबर को समाजवादी विजय यात्रा पर निकलेंगे। वो लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर पहुंचेंगे। यहां जनसभा होगी जिसमें समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता जुटेंगे। यहीं से विधिवित चुनाव प्रचार का आगाज होगा। यहां से रथयात्रा हमीरपुर होते हुए तीन दिन बुंदेलखंड में रूकेगी। तकरीबन हर जिले में अखिलेश यादव की जनसभा होगी। वे बीजेपी की कमियों से जनता को अवगत करवायेंगे। इसका आगाज किया जा चुका है।

अखिलेश यादव को इस रूट ने बनाया था मुख्यमंत्री
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जब-जब अखिलेश यादव क्रांति यात्रा पर निकले हैं, प्रदेश की राजनीति में परिवर्तन आया है। इससे पहले 31 जुलाई 2001 में अखिलेश यादव पहली बार क्रांति रथ लेकर निकले। इसके बाद 12 सितंबर 2011 को दूसरी बार समाजवादी क्रांति रथ यात्रा लेकर निकले थे। इस रथयात्रा ने उनको मुख्यमंत्री पद तक पहुंचा दिया।