द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड के प्राईमरी स्कूल में प्रिसिंपल नहीं हैं। मध्य विद्यालयों में भी स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों के हजारों पद खाली हैं। इसके बाद भी शिक्षकों को प्रोन्नति नहीं मिल रही है। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर इस मामले से अवगत कराया और प्रोन्नति देने की मांग की।
मुख्यमंत्री को पत्र लिख प्रोन्नति की मांग
अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र के माध्यम से कहा है कि शिक्षक और कर्मचारियों की प्रोन्नति पर लगी रोक को निरस्त कर शिक्षकों को प्रोन्नति दी जाए, नहीं तो शिक्षा का स्तर और नीचे गिर जाएगा।
प्रारंभिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक नहीं
प्रारंभिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक नहीं है, मध्य विद्यालयों में भी प्रशिक्षित शिक्षकों की भारी कमी है। इसके बाद भी शिक्षकों को प्रोन्नति नहीं दी जा रही है। बिना प्रोन्नति के ही शिक्षक रिटायर हो रहे हैं। कार्मिक विभाग की ओर से प्रोन्नति पर रोक लगाए जाने से ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है।