द फॉलोअप टीम, रांची:
इन दिनों जासूसी की चर्चा है। जिसमें कहा जा रहा है कि इजरायली सर्विलांस कम्पनी एनएसओ ग्रुप के 'पेगासस स्पायवेयर' द्वारा 2017 से 2019 के बीच 40 भारतीय पत्रकारों का फोन सर्विलांस पर रखा गया था। झारखंड के स्वतंत्र पत्रकार रूपेश कुमार सिंह का नाम भी उसमें शामिल है। जानिये वो क्या कहते हैं।
रूपेश कुमार सिंह, रामगढ़:
दरअसल, झारखंड के गिरिडीह जिला के पारसनाथ पर्वत पर 9 जून, 2017 को एक आदिवासी डोली मजदूर मोतीलाल बास्के की हत्या सीआरपीएफ कोबरा ने 'ईनामी माओवादी' बताकर कर दी थी। जिसपर मैंने रिपोर्टिंग की थी और यह बताया था कि मोतीलाल बास्के 'ईनामी माओवादी' नहीं थे, बल्कि वे एक डोली मजदूर थे, जो डोली ढोने के साथ-साथ पारसनाथ पर्वत पर एक छोटा सा होटल भी चलाते थे। मेरी रिपोर्ट वेब पोर्टल द वायर, जनज्वार, हस्तक्षेप, भड़ास फाॅर मीडिया व हिन्दी पत्रिका दस्तक व समयांतर में भी प्रकाशित हुई थी। बाद में मोतीलाल बास्के की फर्जी मुठभेड़ में की गयी हत्या के खिलाफ में डोली मजदूरों से संबद्ध मजदूर यूनियन मजदूर संगठन समिति, सांवता सुसार बैसी, भाकपा (माले) लिबरेशन, विस्थापन विरोधी जन विकास आंदोलन, झारखंड मुक्ति मोर्चा, झारखंड विकास मोर्चा व आजसू पार्टी ने मिलकर 'दमन विरोधी मोर्चा' बनाकर आंदोलन छेड़ दिया था। इस आंदोलन की गूंज उस समय झारखंड विधानसभा से लेकर राज्यसभा व लोकसभा में भी सुनाई दी थी।

मोतीलाल बास्के की फर्जी मुठभेड़ में की गयी हत्या
एक आदिवासी की फर्जी मुठभेड़ में की गयी हत्या के खिलाफ सही व जमीनी रिपोर्टिंग करने के कारण ही इस घटना के कुछ महीने बाद से मेरा फोन सर्विलांस पर लिया गया है। बाद में 4 जून, 2019 को जिस तरह से झारखंड के हजारीबाग जिला के पद्मा नामक जगह से मुझे व मेरे अधिवक्ता मित्र मिथिलेश कुमार सिंह का भाड़े की कार के ड्राइवर मोहम्मद कलाम के साथ सेन्ट्रल आईबी और एपीएसआईबी ने अपहरण किया और बाद में 6 जून को बिहार के गया जिला के डोभी से विस्फोटक के साथ गिरफ्तारी दिखाकर काला कानून यूएपीए के तहत जेल में डाल दिया, यह सब 'पेगासस स्पायवेयर' के द्वारा की गयी जासूसी को ही प्रतिबिंबित करता है।

सरकार अपनी नाकामियों को छुपाना चाहती है
आज हमारे देश में केन्द्र सरकार के द्वारा किस तरह से लोकतंत्र का अपहरण कर लिया गया है, यह 'फोन टैपिंग' मामला उसका एक बानगी भर है। क्योंकि एनएसओ 'पेगासस स्पायवेयर' सिर्फ सरकारों को ही देती है, इसलिए यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि फोन का सर्विलांस पर रखा जाना सरकार की अनुमति से ही हुआ है। दरअसल, केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार 'पेगासस स्पायवायर' के जरिये सरकार की नाकामियों व जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करनेवाले लोगों का दमन करना चाहती है, ताकि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कोई भी आवाज ना उठा सके। मैं केन्द्र सरकार से स्पष्ट तौर पर कहना चाहता हूँ कि तुम मेरा फोन सर्विलांस पर रखो या फिर मुझे जेल में डाल दो, मैं अपनी अंतिम सांस तक जनपक्षीय लेखन जारी रखूंगा।
दम है कितना दमन में तेरे, देख लिया है देखेंगे
जगह है कितनी जेल में तेरे, देख लिया है देखेंगे।
(लेखक स्वतंत्र पत्रकार हैं। रामगढ़ में रहते हैं । उनकी एक पुस्तक भी प्रकाशित )
नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। हम असहमति के साहस और सहमति के विवेक का भी सम्मान करते हैं।