logo

केबीसी के सवाल पर घिरे अमिताभ, भाजपा विधायक ने की एफआईआर की मांग, जानिए क्या थे सवाल?

2049news.jpg
द फॉलोअप टीम, मुंबई 
महाराष्ट्र के भाजपा विधायक अभिमन्यु पवार ने बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन और कौन बनेगा करोड़पति के निर्माताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत करते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। 

हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आघात पहुंचा
पवार ने आरोप लगाया है कि 'कौन बनेगा करोड़पति' के एक शो के दौरान मनुस्मृति व डॉ. बीआर आंबेडकर को लेकर पूछे गए सवाल ने हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। भाजपा विधायक पवार ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी और लिखा कि शो में हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आघात पहुंचाया गया और हिंदुओं के बीच कलह पैदा करने की कोशिश की गई है। पवार ने अपने ट्वीट में पुलिस को की गई शिकायत की दो कॉपियों को भी संलग्न किया है।  

केबीसी के करमवीर में क्या थे सवाल?
पवार ने महाराष्ट्र की लातुर पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें अमिताभ बच्चन और सोनी एंटरटेनमेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। बता दें, शुक्रवार को केबीसी के करमवीर स्पेशल में एक सवाल पूछा गया था, जिसको लेकर पवार ने आपत्ति जताई है और एफआईआर की मांग की है। पवार की शिकायत के अनुसार को 'कौन बनेगा करोड़पति' में एक सवाल पूछा गया था कि 25 दिसंबर 1927 बीआर आंबेडकर और उनके अनुयायियों ने किस शास्त्र की कॉपियां जलाई थीं। इसमें उत्तर के लिए विकल्प थे, विष्णु पुराण, भगवद गीता, ऋग्वेद या मनुस्मृति।

हिंदू धर्म शास्त्रों के खिलाफ षडयंत्र
शिकायत में कहा गया कि सभी विकल्प हिंदू धर्म शास्त्रों के हैं, इसलिए यह जानबूझकर किया गया षड्यंत्र है। पवार ने शिकायत में लिखा कि अगर उनके इरादे ठीक होते तो उत्तर के विकल्पों में केवल हिंदू शास्त्र ही नहीं, बल्कि दूसरे धार्मिक शास्त्रों के नाम भी लिखे जाते।