logo

भाजपा की नई टीम में अन्नपूर्णा देवी और रघुवर दास को मिली जगह, दोनों बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, समीर उरांव अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

1484news.jpg
द फॉलोअप टीम, नयी दिल्ली  
भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने पार्टी पदाधिकारियों की शनिवार को नई टीम की घोषणा कर दी है। नई टीम में 12 उपाध्यक्ष होंगे। नए उपाध्यक्ष की टीम में झारखंड से पूर्व सीएम रघुवर दास और कोडरमा की सांसद अन्नापूर्णा देवी को जगह दी गई है। वहीं सांसद समीर उरांव को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।

तेजस्वी सूर्या युवा मोर्चा के अध्यक्ष बने
दिल्ली से जारी सूची के अनुसार नई टीम में भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या को पार्टी के युवा मोर्चा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वह पूनम महाजन की जगह लेंगे।

प्रवक्ताओं की संख्या बढ़कर 23 हुई
भाजपा ने महासचिवों के रूप में राम माधव, पी मुरलीधर राव, अनिल जैन और सरोज पांडेय की जगह नये चेहरों को मौका दिया। जबकि पार्टी ने राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की संख्या बढ़ाकर 23 कर दी है और राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया। इसके साथ ही वह मीडिया प्रभारी भी बने रहेंगे।

रघुवर ने केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया
पूर्व सीएम रहे रघुवर दास को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर द फॉलोअप से उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी है, उसपर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेवारी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जेपी नड्डा के प्रति आभार जताया है।

मेरे लिए गौरव की बात : अन्नपूर्णा
कोडरमा से पहली बार भाजपा की सांसद बनी अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भाजपा जैसी राष्ट्रीय पार्टी का उपाध्यक्ष बनना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जेपी नड्डा के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका निष्ठापूर्वक निर्वहन करूंगी।