द फ़ॉलोअप टीम, डेस्क:
कोई आदमी एक कॉल से कितना तनाव में जा सकता है इसका जीता जगता सबूत है ये घटना। उज्जैन के गढ़कालिका से एक खबर आई है कि 13 साल की एक लड़की ने अपनी फ्रेंड के सुसाइड के बाद जान दे दी। फांसी लगाने से पहले उसने अपने वॉट्सऐप स्टेटस में सहेली की जलती चिता का फोटो और गुडबाय लिखा हुआ मैसेज लगाया था।
इंदौर पुलिस का कॉल आया था
बेटी की मौत पर परिवार का कहना है कि पूछताछ के लिए उसके पास इंदौर पुलिस से कॉल आया था। इसके लिए उसे इंदौर जाना था। उसी कॉल के बाद लड़की तनाव में आ गई और ये कदम उठाया। वहीं जीवाजीगंज थाना एसआई गगन बादल ने कहा कि मेघा ने किस कारण से सुसाइड किया, यह स्पष्ट नहीं है। उसकी कॉल डिटेल के आधार पर ही कुछ कहा जा सकेगा।

गढ़कालिका इलाके का है मामला
घटना उज्जैन के गढ़कालिका क्षेत्र की है। यहां पर मेघा (13) अपने भाई बहन के साथ अपने नाना के यहां रहती थी। बुधवार रात सभी भाई बहनों ने एक साथ खाना खाया फिर कुछ देर में सो गए। देर रात जब बड़ी बहन दिव्या की नींद खुली, तो उसने मेघा को पंखे पर लटकते देखा। मेघा के नाना सीताराम और परिवार के अन्य सदस्य उसे लेकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस बात से तनाव में थी मेघा
बड़ी बहन दिव्या ने बताया कि मेघा की दोस्त तनु (14) पहले यहीं रहती थी। कुछ दिन बाद तनु इंदौर चली गई। दोनों इंस्टाग्राम और मोबाइल फोन पर लगातार संपर्क में थीं। परिजनों ने बताया कि 25 सितंबर को तनु ने इंदौर में सुसाइड कर लिया। उसके बाद से ही मेघा सदमे में थी। एक-दो दिन पहले उसके पास इंदौर से पुलिस का फोन आया था। वे मेघा से बात करके बयान लेने की बात कह रहे थे। परिजन फोन करने वाले पुलिस कर्मी का नाम नहीं बता सके। इसके बाद से मेघा ज्यादा तनाव में आ गई थी।
धार में किया अंतिम संस्कार
मेघा का परिवार धार का रहने वाला है। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद मेघा के पिता भेरूलाल उसका शव धार ले गए। वहां पर अंतिम संस्कार किया गया।