logo

अर्नब अंतरिम जमानत के लिये पहुंचे सुप्रीम कोर्ट, कल होगी सुनवाई

2359news.jpg
द फॉलोअप टीम, नई दिल्ली:
आत्महत्या के लिये उकसाने के आरोप में गिरफ्तार अर्नब गोस्वामी अंतरिम जमानत के लिये अब शीर्ष अदालत पहुंच गए हैं। अर्नब की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट बुधवार को सुनवाई करेगा। बॉम्बे हाईकोर्ट ने सोमवार को इस मामले में अर्नब गोस्वामी और दो अन्य को अंतरिम जमानत देने से इंकार करते हुये कहा था कि उन्हें राहत के लिये निचली अदालत जाना चाहिए।

अर्नब ने राज्य सरकार को भी पक्षकार बनाया
हाईकोर्ट ने कहा था कि अगर आरोपी अपनी ‘गैरकानूनी गिरफ्तारी’ को चुनौती देते हैं और जमानत की अर्जी दायर करते हैं तो संबंधित निचली अदालत चार दिन के भीतर उस पर निर्णय करेगी। अर्नब ने इस याचिका में महाराष्ट्र सरकार के साथ ही अलीबाग के थानेदार, मुंबई के पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह को भी पक्षकार बनाया है।

क्या था मामला?
बता दें कि महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग थाने की पुलिस ने चार नवंबर को, इंटीरियर डिजायनर की कंपनी की बकाया राशि का कथित रूप से भुगतान नहीं करने के कारण अन्वय और उनकी मां को कथित रूप से आत्महत्या के लिये बाध्य करने के मामले में अर्नब को गिरफ्तार किया था। गोस्वामी सहित तीनों आरोपियों को चार नवंबर को देर रात एक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया था, जिन्होंने उन्हें पुलिस हिरासत में देने से इंकार करते हुये 18 नवंबर तक के लिये न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।