logo

क्राइम ब्रांच के सामने हाजिर हुआ लखीमपुर हिंसा का आरोपी 'आशीष मिश्रा', होगी पूछताछ

क्राइम ब्रांच के सामने हाजिर हुआ लखीमपुर हिंसा का आरोपी 'आशीष मिश्रा', होगी पूछताछ

द फॉलोअप टीम, लखनऊ: 

लखीमपुर खीरी की तिकुनिया बस्ती में भड़की हिंसा मामले में आरोपी आशीष मिश्रा लखीमपुर के क्राइम ब्रांच कार्यालय पहुंचे। गौरतलब है कि उनको यूपी पुलिस ने लखीमपुर हिंसा मामले में तलब किया था। पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दे रही थी। इस बीच आशीष मिश्रा के नेपाल भाग जाने की बात भी कही जा रही थी। यूपी पुलिस ने आशीष मिश्रा के पिता केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के आवास पर नोटिस भी चस्पा किया था। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ट्वीट वायरल
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक ट्वीट वायरल हो रहा है जिसमें कथित तौर पर उन्होंने कहा है कि लखीमपुर खीरी में भड़की हिंसा में प्रथम दृष्टया आशीष मिश्रा की संलिप्तता नहीं पाई गई है। गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी में रविवार 3 अक्टूबर को उस वक्त हिंसा भड़क गई थी जब आशीष मिश्रा के काफिले में शामिल एक एसयूवी किसानों को रौंदती हुई आगे निकल गई थी। इसमें 4 किसानों की मौत हो गई थी। बाद में भड़की हिंसा में 4 और लोगों की मौत हो गई। मामले में आशीष मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी। 

आशीष मिश्रा के नेपाल भागने की चर्चा भी थी
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आशीष मिश्रा गायब था। यूपी पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिये दबिश दे रही थी। पुलिस ने समन भी जारी किया था। आवास पर नोटिस भी चस्पा किया गया था। अब आशीष मिश्रा ने लखीमपुर क्राइम ब्रांच ऑफिस में हाजिरी लगाई है। गौरतलब है कि मामले में काफी सियासत भी गरमाई। 

विपक्षी पार्टियों ने कानून-व्यवस्था पर उठाये सवाल
गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी की हिंसा के बाद कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी पार्टियों ने घटना की निंदा की और यूपी में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाया। प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने मृत किसानों और पत्रकार के घर का दौरा किया। कांग्रेस पार्टी के नेता नवजोत सिंह सिद्धू लखीमपुर में ही मौजूद हैं और धरना दे रहे हैं। उन्होंने कहा था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, वे वहां से नहीं हटेंगे। अब आशीष मिश्रा क्राइम ब्रांच के पास पहुंचे हैं।