logo

कोलियरी में कब्जे को लेकर आजसू और ढुल्लू समर्थकों में तीन महीने से टकराव, दोनों ओर से गोलीबारी और बमबाजी हुई

1799news.jpg
द फॉलोअप टीम, धनबाद 
बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के लोयाबाद एरिया के एकड़ा में विधायक ढुल्लू महतो के प्रतिनिधि दिनेश रवानी और उनके समर्थक शिवा दास के घर पर गुरुवार रात वर्चस्व कायम करने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग और बमबाजी की गई है। इसके अलावा आरोपियों ने विधायक प्रतिनिधि और उनके समर्थक के घर के दरवाजे पर कुल्हाड़ी से वार भी किया है। आरोपियों ने पत्थरबाजी भी की है। 

30 से 40 राउंड फायरिंग हुई
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को 13 गोलियों के खोखे, दो जिंदा गोली और बम के अवशेष मिले हैं। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने 30 से 40 राउंड फायरिंग की है। बाजेपुर कोलियरी डंप में कब्जा को लेकर आजसू जिलाध्यक्ष मंटू महतो और बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो के समर्थकों के बीच पिछले तीन महीनों से टकराव चल रहा है। घटना को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया गया कि लोयाबाद एरिया के एकड़ा में मंटू महतो के समर्थक ज्यादा, जबकि ढुल्लू महतो के समर्थकों की संख्या कम बताई जा रही है। रात करीब 10 बजे शिव दास, जबकि करीब दो बजे दिनेश रवानी के घर पर गोलीबारी और बमबाजी हुई। इसका आरोप मंटू महतो के समर्थकों पर लगाया गया है।

ढुल्लू महतो ने पुलिस को जिम्मेवार ठहराया 
घटना की सूचना के बाद स्थानीय विधायक ढुल्लू महतो शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि कायरों की तरह रात के अंधेरे में घटना को अंजाम दिया गया है। हिम्मत है तो दिन के उजाले में आकर मुकाबला करें। उन्होंने कहा कि जिले में गिरती विधि व्यवस्था को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। घटना के लिए जिला प्रशासन और पुलिस भी जिम्मेवार है।
 
'कुछ लोग हिरासत में लिए गए' 
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी (विधि व्यवस्था) मुकेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से फिलहाल कोई आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।