द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
बाबा का ढाबा के मालिक कांता प्रसाद ने आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस ने इस बात की जानकारी दी। मिली जानकारी के मुताबिक फिलहाल बाबा का ढाबा के मालिक कांता तप्रसाद का इलाज जारी है। कांता प्रसाद की पत्नी ने बताया कि वे बीते कुछ दिनों से काफी तनाव में थे। कांता प्रसाद को गुरुवार देर रात अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वे 80 साल के हैं।
कुछ दिनों से काफी तनाव में थे कांता प्रसाद
दिल्ली पुलिस ने बताया कि बाबा का ढाबा के मालिक कांता प्रसाद बीते कुछ समय से तनाव में थे। गुरुवार देर रात उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की। इस वक्त दिल्ली के सफदरजंग असप्ताल में उनका इलाज किया जा रहा है। हाल ही में खबर मिली थी कि आर्थिक परेशानियों की वजह से उनको अपना रेस्टोरेंट बंद करना पड़ा था। वे वापस सड़क किनारे अपने स्टॉल में आ गये थे।
गुरुवार देर रात की थी आत्महत्या की कोशिश
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस को गुरुवार रात पुलिस को फोन आया कि एक व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की है। पुलिस जब वहां पहुंची तो पता चला कि सुसाइड की कोशिश करने वाले शख्स कांता प्रसाद हैं। फिलहाल उनका इलाज किया जा रहा है। कांता प्रसाद के साथ ही बाबा का ढाबा चलाने वाली उनकी पत्नी ने वे बीते कुछ दिनों से काफी तनाव में थे।
बंद हो गया था कांता प्रसाद का रेस्टोरेंट बिजनेस
बाबा का ढाबा के नाम से सड़क किनारे फूड स्टॉल लगाने वाले कांता प्रसाद पिछले साल लॉकडाउन के दौरान सुर्खियों में आय़े थे। तब गौरव वासन नाम के यूट्यूबर ने उनका वीडियो सोशल मीडिया में डाला था। कांता प्रसाद की आर्थिक तंगी देख काफी संख्या में लोगों ने मदद की। यहां तक कि सेलिब्रिटीज ने भी कांता प्रसाद की काफी सहायता की। बाद में कांता प्रसाद ने उनकी मदद करने वाले गौरव वासन पर ही धोखाधड़ी का केस दर्ज करवा दिया। कांता प्रसाद ने एक रेस्टोरेंट भी खोला था लेकिन लगातार लॉकडाउन की वजह से उनका रेस्टोरेंट नहीं चला।
कांता प्रसाद ने गौरव वासन से मांगी थी माफी
कांता प्रसाद ने बताया था कि उन्होंने पांच लाख रूपये का निवेश करके रेस्टोरेंट खोला था। उसमें रेस्टोरेंट का किराया 35 हजार रुपये देना पड़ता था वहीं 36 हजार रुपये कर्मचारियों की सैलरी में जाते थे। आमदनी प्रतिमाह केवल 40 हजार रुपये की थी। इसी साल 15 फरवरी को उन्होंने रेस्टोरेंट बंद किया था। कांता प्रसाद ने हाल ही में यूट्यूबर गौरव वासन से माफी मांगी थी। गौरव वासन भी सभी शिकवे-गिले भुलाकर बाबा का ढाबा पहुंचे और कांता प्रसाद से मुलाकात की थी।