logo

दलबदल मामले में बाबूलाल ने मांगा समय, अगली सुनवाई 17 दिसंबर को

2733news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची 
जेवीएम के पूर्व नेता बाबूलाल मरांडी, बंधु तिर्की और प्रदीप यादव पर दल बदल कानून के तहत सुनवाई 17 दिसंबर को होगी। सोमवार को निर्धारित तिथि पर तीनों विधायकों के वकीलों ने विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो के सामने उनका पक्ष रखा। बाबूलाल मरांडी के वकील आरएन सहाय ने विधानसभा अध्यक्ष से समय की मांग की, क्योंकि नेता प्रतिपक्ष के मामले में बाबूलाल मरांडी के कुछ कागजात हाई कोर्ट के पास हैं। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष के सामने दस्तावेज प्रस्तुत करने में उन्होंने असमर्थता जताई और उनसे कुछ समय की मांग की। उनकी मांग को देखते हुए 17 दिसंबर को सुनवाई होगी। बता दें कि छुट्टियों के कारण हाईकर्ट कई दिनों तक बंद रहा। अब हाईकोर्ट के खुलने पर दस्तावेज प्राप्ति में लगभग कुछ दिन का समय और लग सकता है। 

बंधु और प्रदीप भी नहीं रख पाए अपना पक्ष 
इधर विधायक बंधु तिर्की और प्रदीप यादव ने विधानसभा अध्यक्ष के सामने अपना पक्ष रखने की मांग की। लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि चुकी तीनों विधायकों का मामला एक ही है, इसीलिए सभी का पक्ष एक साथ ही सुना जाएगा। प्रदीप यादव और बंधु तिर्की के वकील सुमित गाड़ोदिया ने यह जानकारी दी। दोनों विधायक विधानसभा परिसर में उपस्थित थे। बाबूलाल उपस्थित नहीं हुए।