logo

किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी BSP, बोलीं मायावती- अपने दम पर सभी सीटो पर लड़ेंगे चुनाव

14775news.jpg

द फॉलोअप टीम, लखनऊ: 

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। तमाम राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई है। जनता को लुभाने से लेकर सहयोगी दलों और वोट जुटाऊ नेताओं को साधने की कोशिशें जारी है। राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का आना-जाना बढ़ गया है। यूपी में फिलहाल बीजेपी सत्ता में काबिज है वहीं दूसरी पार्टियां भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाने की कोशिशों में लगी है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। 

मायावती ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया
इस बीच बहुजन समाज पार्टी की मुखिया और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मंगलवार को प्रेस वार्ता को संबोधित किया। मीडिया से मुखातिब बसपा सुप्रीमो ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, भारतीय जनता पार्टी और अन्य प्रतिद्वंदी दलों द्वारा राज्य के लोगों को लुभाने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। राजनीतिक पार्टियां नौटंकी पर उतर आई है। मायावती ने कहा कि हकीकत ये है कि केंद्र और राज्य सरकार की परियोजनाओं की घोषणा और बीते डेढ़ दो साल में अधूरी परियोजनाओं का उद्घाटन चुनाव तक जारी रहेगा। जनता को धोखा दिया जायेगा। 

सपा-कांग्रेस के चुनावी वादों पर भरोसा नहीं
मायावती ने कहा कि राज्य के लोग समाजवादी पार्टी की तरह कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए चुनावी वादों पर आसानी से भरोसा नहीं करेंगे। बसपा प्रमुख ने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी ने अपने चुनावी वादों का 50 फीसदी काम भी पूरा किया होता तो यूपी सहित देश के अधिकांश राज्यों से सत्ता से बाहर नहीं जाती लेकिन ऐसा नहीं किया गया। 

जनता के साथ स्थायी गठबंधन करेंगी मायावती
पूर्व मुख्यममंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी का किसी भी अन्य पार्टी के साथ चुनावी समझौता नहीं होगा। हम अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे। हम समाज के सभी वर्गों के लोगों को एक साथ लाने के लिए गठबंधन करेंगे। जनता के साथ हमारा गठबंधन स्थायी होगा। किसी भी राजनीतिक पार्टी के साथ गठबंधन का हमारा इरादा नहीं है।