logo

बलबीर गिरी होंगे अखाड़ा परिषद के अगले उत्तराधिकारी, षोडशी में हो सकती है औपचारिक घोषणा

बलबीर गिरी होंगे अखाड़ा परिषद के अगले उत्तराधिकारी, षोडशी में हो सकती है औपचारिक घोषणा

द फॉलोअप टीम, लखनऊ:

महंत नरेंद्र गिरि के निधन के बाद लगातार यह चर्चा हो रही थी कि आखिर उनके बाद अखाड़ा परिषद को कौन संभालेगा।  20 सितंबर को महंत नरेंद्र गिरि के निधन के बाद यह पद खाली हुआ था। लेकिन इस बात का निष्कर्ष निकाल गया है। अखाड़ा परिषद के अगले उत्तराधिकारी बलबीर गिरी होंगे। निरंजनी अखाड़े के पंच परमेश्वरों ने इस पर पर मन बना लिया है। कहा जा रहा है कि नरेंद्र गिरी की वसीयत और सुसाइड नोट के आधार पर बलवीर गिरि ही अगले उत्तराधिकारी होंगे। अखाड़े के संतों के पास महंत नरेंद्र गिरि की वसीयत के खिलाफ कोई और प्रमाण या चुनौती नहीं मिली है। निरंजनी अखाड़े के महासचिव महंत रवींद्र पुरी ने कहा, महाराज जी (नरेंद्र गिरि) ने अपनी अंतिम वसीयत में जैसा चाहा, हमने उनके उत्तराधिकारी के रूप में बलबीर गिरि का नाम लिया है। 


5 अक्टूबर को हो सकती है औपचारिक घोषणा

बाघम्बरी मठ में महंत नरेंद्र गिरि की षोडशी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी दिन बलबीर गिरि के नाम की औपचारिक घोषणा की जा सकती है। षोडशी कार्यक्रम 8 हजार लोग शामिल होने वाले हैं। उम्मीद है कि षोडशी में सीएम योगी भी शामिल हो सकते हैं। पहले महंत नरेंद्र गिरि की तीन वसीयतें मिली थी। पहली वसीयत को उन्होंने अपने शिष्य बलबीर गिरि के नाम से बनवाया लेकिन 2011 में उन्होंने आनंद गिरि को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया। लेकिन फिर बाद में किसी विवाद की वजह से 2020 में उन्होंने अपनी दोनों वसीयतों को निरस्थ किया और तीसरी वसीयत बलवीर गिरि के नाम से बनवाई। 

35 साल के हैं बलबीर गिरि

35 साल के बलबीर गिरि पिछले 15 सालों से महंत नरेंद्र गिरि के सबसे भरोसेमंद शिष्य हैं।वह उत्तराखंड से ताल्लुक रखते हैं और 2005 में संन्यास लेने के लिए उन्होंने अपने परिवार को छोड़ दिया था। उन्हें हरिद्वार में नरेंद्र गिरि द्वारा दीक्षा दी गई और वर्तमान में वे हरिद्वार में बिल्केश्वर महादेव मंदिर की देखरेख कर रहे हैं। बलबीर और आनंद गिरि लगभग एक ही समय में महंत नरेंद्र गिरि के शिष्य बन गए। बाद में, जब नरेंद्र गिरि और आनंद गिरि के बीच मतभेद सामने आए, तो बलबीर, नरेंद्र गिरि के प्रति वफादार रहे और मई 2021 में महंत ने आनंद गिरि को अखाड़े और मठ से निकाल दिया।