हफ़ीज़ किदवई, लखनऊ:
दिव्यांग शब्द उछाल देना बड़ा आसान है मगर उनका अधिकार देना बहुत मुश्किल है। हम लोग इतने बेहिस, बर्बाद और निष्ठुर हो चुके हैं कि हमारे बीच के कितने ही दिव्यांग भाई-बहन अपने लिए लड़ रहे हैं और हम आँख बंद किये,उधर मुँह ही नही कर रहे। ऐसे हालात हो चुके हैं कि बिना जूझे आपको एक रत्ती सुक़ून नही मिल सकता। हर बात का पूरा करना इतना कठिन हो गया है कि बिना धरना प्रदर्शन कोर्ट कचहरी के कोई माँग पूरी ही नही होती। सरकारें बात करने के लिए होती हैं। मसले हल करने के लिए होती हैं। जनता को सुक़ून देने के लिए होती हैं मगर यहाँ, तो सब उल्टा पुल्टा है। वह देखते हैं कि ऐसा क्या किया जाए, जिससे यह सब परेशान हाल बस सड़क पर बैठे रहें।
विद्यालय के बंद होने के खिलाफ छात्रों का धरना
आप देखिये वाराणसी स्थित श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अन्ध विद्यालय के बंद होने के खिलाफ छात्र कई रोज़ से धरने पर हैं। यूपी में शायद पांच ही अन्ध विद्यालय हैंं। जिसमें वाराणसी का सबसे बड़ा 250 सीटों का यह विद्यालय है। जो सेवा स्मृति ट्रस्ट द्वारा संचालित होता है लेकिन आर्थिक तंगी का हवाला देकर कक्षा 9 से 12 तक बंद किया जा चुका है और विद्यालय में नए छात्रों का प्रवेश नहीं हो रहा।
अनुदान भी 75% प्रतिशत से हो गया 50%
अन्ध विद्यालय को सरकार द्वारा अनुदान भी प्राप्त होता है। पहले 75% प्रतिशत अनुदान प्राप्त होता था। लेकिन सरकार द्वारा विकलांगों को दिव्यांग कहे जाने के बाद 2014 से यह अनुदान कट कर 50% हो गया और 2019-20 में सरकार से अनुदान भी बंद हो गया। छात्र धरना देते वक़्त कोई बहुत बड़ी चीज़ें नही माँग रहे।अपने भविष्य के लिए एक अदद सुक़ून ही तो माँग रहे,वह चाहते हैं।
क्या है छात्रों की मांग
1. इस अन्ध विद्यालय को सरकार पूर्णतया अपने अधिकार क्षेत्र में ले और दृष्टिबाधित(विकलांग) छात्रों को अधिकार भीख या सेवा के बजाय अधिकार बोध के साथ प्रधान किया जाए।
2. विद्यालय से निकाले गए छात्रों को वापस दाखिल किया जाए और उनकी कक्षाओं और परीक्षाओं का उचित प्रबंध किया जाए।
3. तत्काल प्रभाव से विद्यालय को पुनः संचालित किया जाए।
अब बताइये क्या यह मांगें बिना मांगे नहीं पूरी करनी चाहिए। मगर क्या करें, संवेदना, दूरदृष्टि, निर्माण की नीयत हो तब न...!
(लेखक लखनऊ में रहते हैं। स्वतंत्र लेखन करते हैं। आशिकी नामक एक किताब प्रकाशित)
नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। हम असहमति के साहस और सहमति के विवेक का भी सम्मान करते हैं।