द फॉलोअप टीम, रांची:
विध्यांचल में हुई नाव दुर्घटना के पीड़ित परिवार से शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता मिलने पहुंचे। स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता पीड़ित परिवार के धुर्वा स्थित आवास जाकर परिजनों से मिले और घटना की जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि वापस लौटने के क्रम में तेज बारिश और हवा में नाव फंस गया और उलट गया जिससे सभी लोग डूब गए।
मंत्री बन्ना गुप्ता ने मिर्जापुर के कमिश्नर कामेश्वर राम मिश्रा से फोन पर बात की और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद करने को कहा। बन्ना गुप्ता ने बताया कि मिर्जापुर जिला प्रशासन के सहयोग से सर्च ऑपरेशन किया जा रहा है और जल्द ही सभी को खोज लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं वहां के अधिकारियों के साथ संपर्क में है। पीड़ित परिवार को हर संभव मदद मिलेगी।
बुधवार को हुआ था हादसा
दरअसल मिर्जापुर के विंध्याचल धाम के अखाड़ा घाट पर बुधवार शाम बड़ा हादसा हुआ था। यहां यात्रियों से भरी नाव गंगा नदी में पलट गई। नाव में रांची और जमशेदपुर के लोग भी 12 लोग सवार थे। छह लोगों को बचा लिया गया है लेकिन छह लोग अब भी लापता है। लापता लोगों में एक तीन माह की बच्ची तथा ढाई साल का बच्चा भी है। रांची से धुर्वा निवासी राजेश तिवारी अपनी पत्नी खुशबू और दो बच्ची अलका व रितिका के साथ थे। वहीं जमशेदपुर निवासी दीपक मिश्रा अपनी पत्नी अनीषा मिश्रा, तीन माह की बेटी के साथ थे। साथ ही जमशेदपुर निवासी विकास ओझा, अपनी पत्नी गुड़िया देवी, ढाई साल का बेटा शौर्य और 5 साल का बेटा सत्यम के साथ थे।
तीन परिवार आपस में रिश्तेदार
दरअसल राजेश तिवारी, दीपक मिश्रा व विकास ओझा आपस में रिश्तेदार ही हैं। दीपक मिश्रा राजेश तिवारी का साला है औरविकास ओझा बहनोई। ये सभी मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने गए थे। सोमवार को ये सभी अपनी निजी गाड़ी से गए थे। बुधवार को विंध्याचल धाम पहुंचे लेकिन इस तरफ गंगा नदी के किनारे कीचड़ था इसलिए सभी नाव से स्नान करने गंगा के उस पार गए थे। वहां से लौटते वक्त यह हादसा हुआ।
इनको बचाया गया
बचने वालों में राजेश, विकास , दीपक, अल्का , रितिका और नाविक है। वहीँ लापता लोगों में गुड़िया, खुशबू , अनीषा , सत्यम, ढाई वर्ष का बच्चा और 03 माह की बच्ची शामिल है। मिर्जापुर के डीएम प्रवीण लक्षकार ने बताया कि यहां नाव चलाना मना है। जबकि परिजनों ने बताया कि उनको इस बारे में नहीं पता था कि उस जगह पर नाव नहीं चलाया जा रहा है।