logo

कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री होंगे बसवराज, पिता एसआर बोम्मई भी रह चुके हैं सीएम

कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री होंगे बसवराज, पिता एसआर बोम्मई भी रह चुके हैं सीएम

द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
बसवराज बोम्मई अब कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री होंगे। दो दिन पहले सीएम पद से इस्तीरफा देने वाले बीएस येदियुरप्पा ने इस बात की घोषणा की है। जिसका मंत्री के एस ईश्वरप्पा और विधायकों ने समर्थन किया। बता दें  कि उनके पिता एसआर बोम्मई भी राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

कौन है बसवराज
सादर लिंगायत समुदाय से आने वाले बसवराज बोम्मई बीएस येदियुरप्पा के करीबी माने जाते हैं। उनका जन्म 28 जनवरी 1960 को हुआ था। राजनीति की शुरुआत उन्होंने जनता दल से की थी। 2008 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। इसके बाद से उनका सियासी ग्राफ बढ़ता गया। पहले जल संसाधन मंत्री रहे। येदियुरप्पा सरकार में गृह मंत्री भी रहे हैं।

 

येदियुरप्पा ने ही सुझाया था बासवराज का नाम
मिली जानकारी के मुताबिक येदियुरप्पा ने ही विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के तौर पर बासवराज का नाम सुझाया था। उनके नाम के एलान से पहले धर्मेंद्र प्रधान और जी किशन रेड्डी ने कर्नाटक के बीजेपी प्रभारी अर्जुन सिंह के साथ कोर कमिटी की बैठक की थी। इसके बाद मंगलवार देर शाम बासवराज बोम्मई के नाम का एलान कर दिया गया। 

 

26 जुलाई को येदियुरप्पा ने दिया था पद से इस्तीफा
गौरतलब है कि कर्नाटक में बीते कई दिनों से चले सियासी घटनाक्रम के बाद 26 जुलाई के अपने कार्यकाल के 2 साल पूरे होने के दिन बीएस येदियुरप्पा ने इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इस्तीफे के वक्त कहा था कि उन पर कोई दवाब नहीं है। वे मर्जी से पद छोड़ रहे हैं। उन्होंने इस बात का भी हवाला दिया कि बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से किया वादा उन्होंने निभाया है। वहीं सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा थी कि बीते काफी समय से कर्नाटक बीजेपी के कई विधायक येदियुरप्पा के कामकाज से खुश नहीं थे।

 

सरकार में येदियुरप्पा के बेटे की दखलअंदाजी भी विधायको को रास नहीं आ रही थी। कर्नाटक के कई विधायकों ने दिल्ली आकर बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व को इस बात से अवगत भी करवाया था। यही नहीं कोरोना काल में कुप्रबंधन का आरोप भी येदियुरप्पा पर लगा था। 

 

क्या रही थी बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफे की वजह
इस्तीफे से दो हफ्ते पहले येदियुरप्पा दिल्ली भी आए थे। यहां उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी। उस वक्त इस्तीफे की अटकलों पर येदियुरप्पा ने कहा था कि वे केवल प्रधानमंत्री के निर्देशों का पालन करेंगे। बाकी नेताओं से मुलाकात पर येदियुरप्पा ने कहा था कि कर्नाटक में विकास संबंधी कार्यों को लेकर चर्चा हुई है।

 

हालांकि, उसी वक्त से इस बात की प्रबल आशंका जताई जाने लगी थी कि येदियुरप्पा इस्तीफा देंगे। इस्तीफे के वक्त येदियुरप्पा ने कहा था कि कर्नाटक में जो भी अगला मुख्यमंत्री होगा वे उन्हें 100 फीसदी समर्थन देंगे। अब येदियुरप्पा के सबसे करीबी बासवराज बोम्मई को ही कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनाया गया है। ये भी उनकी सियासी जीत होगी।