logo

बंगाल बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष अग्निमित्र पॉल का ट्विटर हैक, डिएक्टिवेट भी किया

बंगाल बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष अग्निमित्र पॉल का ट्विटर हैक, डिएक्टिवेट भी किया

द फॉलोअप टीम, कोलकाता: 

पश्चिम बंगाल में बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष अग्निमित्र पॉल ने आरोप लगाया है कि उनका ऑफिशियल ट्विटर हैंडल हैक कर लिया गया है। उन्होंने ये भी कहा कि उनका ट्विटर अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया गया है। अग्निमित्र पॉल ने मामले को लेकर कोलकाता पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई है। उन्होंने दोषियों को पकड़ने की मांग की है। 

व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर किया हैक
बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष अग्निमित्र पॉल ने बताया कि उन्हें व्हाट्सएप नंब पर एक लिंक दिया गया था। लिंक में एक फॉर्म था। इस लिंक में दावा किया गया था कि वो ट्विटर अथॉरिटी की तरफ से आया है। उनको उस फॉर्म को भरकर मेल करने के लिए कहा गया। अग्निमित्र पॉल ने बताया कि उन्होंने वैसा ही किया। कुछ ही देर बाद उनका ट्विटर अकाउंट हैक करके डिएक्टिवेट कर दिया गया। अब उन्होंने मामले में पुलिस की सहायता मांगी है। 

तीन सीटों पर उपचुनाव की घोषणा
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की जा चुकी है। पश्चिम बंगाल की जंगीपुर, समसेरगंज और भवानीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। भवानीपुर में सीटिंग विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने इस्तीफा दे दिया ताकि ममता बनर्जी यहां से चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंच सकें, क्योंकि ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट से कभी अपने नजदीकी सहयोगी रहे शुभेंदू अधिकारी से हार गई थीं। उनको पांच नवंबर तक विधानसभा की सदस्यता लेनी है। 

बीजेपी-टीएमसी में जुबानी जंग जारी
विधानसभा उपचुनाव की घोषणा होते ही बंगाल में बीजेपी और टीएमसी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो चुका है। बीजेपी जहां टीएमसी पर भवानीपुर में जनादेश का अपमान करने का आरोप लगा रही है तो वहीं टीएमसी तीनों सीटों पर बीजेपी की हार का दावा कर रही है। बीजेपी ने भवानीपुर से भारतीय जनता युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष प्रिंयका टिबरेवाल को प्रत्याशी घोषित किया है। हालांकि, ये देखने वाली बात होगी कि बाजी कौन मारता है।