logo

Goa Election 2022 : गोवा विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने जारी की 34 उम्मीदवारों की लिस्ट, पंजिम को लेकर फंसा है बड़ा पेंच

2cac2ed2-2c23-460f-8045-7a0d17c370d8.jpg

द फॉलोअप टीम, पणजी: 

गोवा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को गोवा में 34 उम्मीदवारों की घोषणा की। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने प्रेस वार्ता में इसका ऐलान किया। बताया गया कि गोवा के मौजूदा उपमुख्यमंत्री मनोहर अजगांवकर मडगांव विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मौजूदा मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सांकेलिम विधानसभा सीट से किस्मत आजमाएंगे। गौरतलब है कि गोवा में कुल 40 विधानसभा सीटे हैं, जिनमें से 34 में प्रत्याशियों का ऐलान किया। 

पंजिम विधानसभा सीट को लेकर है समस्या
गौरतलब है कि गोवा में भारतीय जनता पार्टी के लिए पंजिम विधानसभा सीट को लेकर पेंच फंसा है। बता दें कि प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री और केंद्र में रक्षामंत्री रहे मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर पंजिम विधानसभा सीट से लड़ना चाहते हैं। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उत्पल पर्रिकर की मांग से सहमत नहीं है। बीजेपी चाहती है कि वहां से सीटिंग विधायक पर ही दांव चला जाये। गौरतलब है कि दिवंगत मनोहर पर्रिकर पंजिम सीट से 6 बार विधायक चुन गये थे। 

मनोहर पर्रिकर के बेटे की जिद से परेशान बीजेपी
उत्पल पर्रिकर की जिद को लेकर देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि पंजिम से हमने मौजूदा विधायक को टिकट दिया है। उत्पल पर्रिकरक और उनका परिवार हमारा भी परिवार है। हमने उनको 2 और विकल्प दिये थे लेकिन उन्होंने दूसरे किसी भी विकल्प पर चर्चा तक करने से मना कर दिया। देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि पार्टी और राज्य हित में उत्पल पर्रिकर को विकल्प से सहमत होना चाहिए था। 

बीजेपी ने गोवा में स्थिर सरकार दी है! 
उम्मीदवारों की घोषणा करते हुये देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि बीजेपी ने गोवा में स्थिरता दी है। भारतीय जनता पार्टी गोवा में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर द्वारा तय विकास के लक्ष्य को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के सत्ता संभालने के बाद से गोवा में किसी भी प्रकार की गंभीर कानून व्यवस्था की समस्या नहीं हुई है। उम्मीद है कि जनता फिर से बीजेपी पर भरोसा जताएगी।