द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
पश्चिमी दिल्ली के एक फ्लैट में मिली नेशनल कांफ्रेंस के नेता त्रिलोचन सिंह वजीर की लाश की गुत्थी सुलझती दिख रही है। छानबीन के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिला है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया तो उसमें मुख्य आरोपी हरप्रीत और हरमीत दिखा। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक हरप्रीत सिंह खालसा ही त्रिलोचन सिंह के परिवार वालों को गुमराह करता रहा। कहता रहा है कि त्रिलोचन सिंह विदेश चले गए हैं। लौट आएंगे।
हरप्रीत सिंह ने फोन कर कबूला जुर्म
मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। गौरतलब है कि मुख्य आरोपी हरप्रीत सिंह खालसा ने त्रिलोचन सिंह के करीबी को फोन करके बताया था कि मैंने और हरमीत ने मिलकर त्रिलोचन सिंह की हत्या कर दी है। आकर लाश उठा लो। फोन पर हत्या की बात कबूल करने के बाद आरोपी ने नई दिल्ली इलाके में फोन स्वीच ऑफ कर दिया था। आरोपी हरप्रीत सिंह खालसा ने त्रिलोचन सिंह के एक दोस्त को फोन किया और हत्या की बात बताई। त्रिलोचन सिंह के उसी दोस्त ने त्रिलोचन सिंह के भाई जो कि जम्मू कश्मीर के सेवानिवृत्त एसएसपी हैं, उन्हें घटना की जानकारी दी। हत्या के बाद हरप्रीत सिंह खालसा परिवार वालों को गुमराह करता रहा लेकिन पकड़ा गया।

इमिग्रेशन डिपार्टमेंट से हुआ बड़ा खुलासा
गौरतलब है कि जब त्रिलोचन सिंह के परिवार वालों ने इमिग्रेशन डिपार्टमेंट चेक किया तो खुलासा हुआ कि त्रिलोचन सिंह भारत छोड़कर गए ही नहीं थे। इसके बाद त्रिलोचन सिंह के परिजनों का शक हरप्रीत पर गहराता गया। हरप्रीत ने मोतीनगर के बसई दारापुर इलाके में जनवरी में मकान किराए पर लिय़ा था। पुलिस को आशंका है कि हत्या की प्लानिंग काफी पहले से ही की गई थी क्योंकि जिस घर में लाश मिली उसका सारा सामान हरप्रीत बेच चुका था।

राजनीतिक प्रतिद्वंदिता की वजह से हुई हत्या
त्रिलोचन सिंह के भाई ने पुलिस को बताया कि त्रिलोचन सिंह से आरोपियों की राजनीतिक प्रतिद्वंदिता थी। इसी वजह से हत्या उनकी हत्या की गई। त्रिलोचन सिंह के भाई ने दिल्ली पुलिस को कुछ और लोगों के नाम दिए हैं जिनकी इस हत्याकांड में संलिप्तता हो सकती है। हत्या का मकसद क्या था। कैसे इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया, इसका खुलासा होना बाकी है।