द फॉलोअप टीम, देहराहदून:
पुष्कर सिंह धानी उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। 46 साल के पुष्कर 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। दिलचस्प बात ये है कि पुष्कर बीते 4 माह में प्रदेश के तीसरे मुख्यमंत्री होंगे। 4 महीने पहले त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस्तीफे के बाद तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाया गया था। तीरथ सिंह रावत ने 10 मार्च को मुख्यमत्री पद की शपथ ली थी। अब तीरथ सिंह के इस्तीफे के बाद पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाया गया है।
क्या है पुष्कर सिंह धामी की पारिवारिक पृष्ठभूमि
पुष्कर सिंह धामी ऊधम सिंह नगर की खटीमा विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे दूसरी बार यहां से जीतकर आए हैं। 46 साल के धामी की पहचान प्रदेश के युवा नेताओं में है। वे प्रदेश के सबसे युवा मुख्यंत्री हैं। जानकारी के लिए बता दें कि धामी का जन्म 16 सितंबर साल 1975 को प्रदेश के पिथौरागढ़ जिला स्थित डीडीहट तहसील के टुंडी गांव में हुआ था। वे एक सैनिक परिवार से आते हैं। तीन बहनों में पुष्कर सिंह धामी इकलौते भाई हैं। धामी की आरंभिक शिक्षा गांव में हुई थी। उच्च शिक्षा के लिए बाद में उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी का रूख किया। पुष्कर सिंह धामी मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट हैं। धामी की छवि एक निर्विवाद नेता की रही है। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि बतौर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को वरिष्ठ नेताओं के साथ ब्यूरोक्रेसी के साथ भी सामंजस्य बिठाना होगा।
छात्र जीवन से ही राजनीतिक करियर की शुरुआत
पुष्कर सिंह धामी ने राजनीतिक करियर की शुरुआत छात्र जीवन से ही की थी। साल 1990 से लेकर 1999 तक वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में अलग-अलग पदों पर रहे। एबीवीपी के प्रदेश मत्री से लकर राष्ट्रीय सम्मेलन में संयोजक की भूमिका धामी ने निभाई। उत्तराखंड का जब गठन किया गया तो मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के सलाहकार के रूप में काम किया। 2002 से 2008 के बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष का भी कार्यभार संभाला। पहली बार साल 2012 मे धामी खटीमा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। साल 2017 में इसी सीट से दोबारा विधायक चुने गए। उनको युवा होने का लाभ मिला।
पुष्कर सिंह धामी के जरिए युवा वोटरों को साधेगी बीजेपी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाकर बीजेपी के केंद्रीय आलाकमान ने बड़ा दांव चला है। 2022 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर युवा मतदाताओं को साधने के लिए पुष्कर सिंह धामी अच्छा विकल्प साबित होंगे। कहा जा रहा है कि युवा होना ही पुष्कर सिंह धामी के पक्ष में कहा। वैसे भी 57 विधायकों का बहुमत होने के बाद भी तीन-तीन मुख्यमंत्री बदलकर भद्द पिटवा चुकी बीजेपी कोई रिस्क नहीं लेना चाहती थी।