द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन केंद्र सरकार ने पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में कहा था कि कोरोना की दूसरी लहर में किसी भी व्यक्ति की मौत ऑक्सीजन की कमी की वजह से नहीं हुई थी। सरकार के बयान के बाद काफी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई। कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों ने कड़े शब्दों में निंदा की। कहा कि पहले तो सरकार के कुप्रबंधन की वजह से लोगों की जान गई। अब केंद्र सरकार मौत की वजह को लेकर भी झूठ बोल रही है।
सरकार की हुई थी चौरतरफा आलोचना
संसद में केवल विपक्षी दलों ने ही नहीं बल्कि सोशल मीडिया के जरिए आम लोगों ने सरकार की कड़ी निंदा की। सोशल मीडिया में वो तस्वीरें साझा की गईं जिसमें लोग ऑक्सीजन के लिए भटकते दिखे। वो तस्वीरें भी साझा की गईं जिसमें पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक महिला अपने पति को मुंह से सांस दे रही थी। एक अन्य तस्वीर में एक महिला अपनी मां को अपने मुंह से सांस देती दिखी। यही नहीं, सुप्रीम कोर्ट का वो बयान भी साझा किया गया जिसमें माननीय उच्चतम न्यायालय ने कहा था कि पानी सिर के ऊपर जा रहा है। सरकार को ऑक्सीजन की कमी से होने वाली मौतों की जिम्मेदारी लेनी होगी। जब मामले में सरकार को चौतरफा आलोचना का सामना करना पड़ा तो बचाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित मात्रा आगे आए और जो कहा वो सुनना चाहिए।

संबित पात्रा ने केंद्र सरकार का बचाव किया
संबित पात्रा ने कहा कि ऑक्सीजन की कमी से मौत वाले मसले पर केंद्र सरकार के जवाब की तीन अहम बातों पर ध्यान देना चाहिए। केंद्र ने कहा कि स्वास्थ्य दरअसल राज्यों औऱ केंद्र शासित प्रदेशों का मामला है। स्वास्थ्य के मामले में केंद्र के पास केवल वही डाटा होता है जो राज्यों द्वारा भेजा जाता है। केंद्र स्वास्थ्य को लेकर खुद कोई डाटा उत्पन्न नहीं करता है। संबित पात्रा ने कहा कि केंद्र ने सदन में उन्हीं आंकड़ों के आधार पर जवाब दिया जो राज्यों द्वारा भेजा गया है।
ऑक्सीजन की कमी की वजह से नहीं हुई मौत!
संबित पात्रा ने काह कि किसी भी राज्य की तरफ से ये डाटा नहीं भेजा गया कि किसी भी व्यक्ति की मौत विशेष रूप से ऑक्सीजन की कमी की वजह से हुई है। किसी भी राज्य ने विशेष रूप से ऑक्सीजन की कमी से हुई मौत की जानकारी नहीं दी है। उसका कोई डाटा नहीं है। संबित पात्रा ने सवालिया लहजे में कहा कि क्या केंद्र ने ये डाटा तैयार किया है। संबित पात्रा ने कहा कि क्या कोई भी राज्य ये स्वीकार करने को तैयार है कि लोगों की मौत ऑक्सीजन की कमी की वजह से हुई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि विपक्षी पार्टियां मामले में क्या जवाब देती है।