द फॉलोअप टीम, लखनऊ:
हम सब के लिए ये शोक की घड़ी है। कल्याण सिंह जी के माता-पिता ने उनका नाम कल्याण सिंह रखा था। उन्होंने अपने माता-पिता के दिए नाम को सार्थक किया। वो जीवन भर जनकल्याण के लिए जिए। जनकल्याण को ही अपना मन बनाया। उन्होंने अपना जीवन भारतीय जनता पार्टी, भारतीय जनसंघ और देश के लिए समर्पित कर दिया। कल्याण सिंह भारत के कोने-कोने में एक विश्वास का नाम बन गए थे। कल्याण सिंह एक प्रतिबद्ध निर्णयकर्ता का नाम बन चुके थे। जीवन का अधिकतम समय उन्होंने जन कल्याण के लिए लगाया। उनको जब भी जो दायित्व मिला। उसे उन्होंने बखूबी निभाया। सरकार, संगठन जो भी दायित्व मिला उसे उन्होंने पूरा किया। देश ने एक मूल्यवान शख्सियत खोया है। मैं भगवान प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके परिवार और समर्थकों को ये दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

यह भावुक कर देने वाली बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कही हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने वो लखनऊ पहुंचे थे। उनकी ही मौजूदगी में भाजपा अध्यंक्ष जेपी नड्डा ने कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को पार्टी के झंडे से ढंका और वहां मौजूद सभी लोगों ने श्रद्धांजलि दी।

कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने मोदी लखनऊ पहुंचे
बता दें कल्याण सिंह भाजपा के संस्थापकों में से एक थे। दो टर्म यूपी के सीएम रहे। तबीयत खराब रहने के कारण उन्हेंा 4 जुलाई को लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार को उन्होंीने 89 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। रविवार को अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ में उनके आवास, विधान भवन और भाजपा कार्यालय में उनके पार्थिव शरीर को रखा गया। पीएम मोदी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए लखनऊ पहुंचे। पक्ष-विपक्ष के सभी प्रमुख नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है।

अलीगढ़ में होगा अंतिम संस्कार
कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए सुबह 11:00 बजे से विधानसभा में उनके पार्थिव शरीर को रखा गया। दोपहर 12:30 बजे भाजपा प्रदेश पार्टी कार्यालय में लोग श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद 2:30 बजे पार्थिव शरीर को बापू भवन, महाराणा प्रताप, चारबाग, आलमबाग होते हुए चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट ले जाया जा रहा है। जहां से एयर एंबुलेंस के माध्यम से पार्थिव शरीर अलीगढ़ स्थित उनके पैतृक निवास ले जाया जाएगा।