द फॉलोअप टीम, हमीरपुर (उप्र) :
यह बिलखती हुई तस्वीर एक ऐसी मां की है, जिसके बेटों ने उसे घर से निकाल दिया है। इनमें एक भाजपा के नेता भी हैं। वो मंडल अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल हैं। मां का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। जिसमें यह बुजुर्ग महिला अपने साथ हुए अत्याचार और अपने बेटों के दुर्व्यवहार के बारे में बता रही हैं। फिलहाल वृंदावन के एक वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर हैं, क्योंकि उन्हें उनके तीन बेटों ने घर से निकाल दिया। महिला ये बात सामने तब आई जब उनकी इस स्थिति को एक भक्ति चैनल ने दिखाया।
तीन बेटों ने घर में रखने से किया मना
वीडियो में प्रमोद अग्रवाल की मां बता रही हैं कि वो 71 वर्ष की हैं। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं। वह हमीरपुर के मुस्कुरा गांव में रहती हैं। पीड़िता आशा देवी ने बताया कि तीन बेटों में से कोई एक भी उनकी सेवा नहीं करना चाहता। बड़े और छोटे बेटे के पास गयी तो उन्होंने घर से निकाल दिया, फिर मंझले के पास गयीं तो उसने सात महीने तो अच्छी तरह से रखा और अब वो कभी गाली देता है, कभी मारता है और कभी घर से भगाता है, एक दिन गला दबा दिया, दरवाजे की तरफ भागने लगी, तो चोट लग गई और नीला निशान पड़ गया. वो कहता है कि सब तो दे दिया बड़े भाई को, अब हमारे पास क्यों आई हो।
खाने के लिए भी बेटों से पड़ती थी डांट
मामले के संबंध में पीड़िता आशा देवी का कहना है कि वृद्धाश्रम में आना उनकी मजबूरी थी। बेटों ने घर से निकाल दिया तब वह कहाँ जाती, किसके घर रहती। उन्होंने यह फैसला तब लिया जब उन्हें घर में जब आराम नहीं मिला, दो रोटी तक के लिए हज़ार गालियां सुननी पड़ीं तो वह सब छोड़ वृंदावन आ गईं।इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उनके दो बड़े बेटे अच्छी बड़ी दुकान चलाते हैं और तीसरा बेटा मंडल अध्यक्ष है। आशा देवी को वृंदावन में रहते हुए 8 दिन हो गए हैं। वह पांच जून को अपने गांव से आईं थीं।
अब बेटों ने दी सफाई
वीडियो वायरल होने के बाद आज तक के पत्रकार नाहिद अंसारी ने प्रमोद अग्रवाल से मां के वायरल वीडियो के बारे में बात की। उन्होंने कहा की यह मेरी माँ है , मगर वर्तमान में जो घटना हुई तब वह हमारे पास नहीं रहती हैं। हमें ये जानकारी थी कि वो दीदी के यहां रह रही हैं। उनका भाई ड्रिंक वगैरह करते हैं। उन्होंने पीकर कुछ कह दिया होगा। तो हम लोगों को लगा कि वो गुस्से में चली गई होंगी. एक हफ्ते रह आएंगी। वहां उनका मन बहल जाएगा, तो हम फिर ले आएंगे पर ये घटनाक्रम दूसरे हिसाब से दे दिया गया है।