logo

BJP छोड़ TMC में शामिल हुए तन्मय घोष, कहा- बदले की राजनीति करती है भारतीय जनता पार्टी

BJP छोड़ TMC में शामिल हुए तन्मय घोष, कहा- बदले की राजनीति करती है भारतीय जनता पार्टी

द फॉलोअप टीम, कोलकाता: 

बंगाल विधानसभा चुनाव में पूरा दमखम लगाने के बाद भी करारी हार झेलने वाली भारतीय जनता पार्टी अभी गम से उबरी नहीं थी कि उसे एक के बाद एक झटका लगता जा रहा है। बंगाल में बीजेपी नेताओं का टीएमसी में शामिल होने का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा है। ताजा मामला बीजेपी विधायक तन्मय घोष से जुड़ा है। तन्मय बीजेपी छोड़ टीएमसी में चले गये हैं। 

बिष्णुपुर से विधायक हैं तन्मय घोष
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिला स्थित बिष्णुपुर विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीते तन्मय घोष सोमवार को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। टीएमसी के वरिष्ठ नेता और राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने तन्मय घोष को पार्टी में शामिल करवाया। ब्रात्य बसु ने कोलकाता स्थित तृणमूल भवन में पार्टी का झंडा देकर तन्मय घोष का स्वागत किया।

 

बीजेपी प्रतिरोध की राजनीति करती है! 
बीजेपी से वापस टीएमसी में जाने के बाद तन्मय घोष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रतिरोध की राजनीति करती है। वो प्रतिहिंसा की राजनीति करती है। तन्मय घोष ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि बीजेपी केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग कर पश्चिम बंगाल के लोगों का अधिकार छीनने का प्रयास कर रही है। तन्मय घोष ने कहा कि ममता बनर्जी देश की सबसे जनप्रिय नेत्री और बंगाल की सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि मैं जनकल्याण के लिए सभी राजनेताओं से अपील करता हूं कि वे ममता बनर्जी का समर्थन करें ताकि बीजेपी की नफरत वाली राजनीति को हरा पायें। 

बंगाल में बीजेपी को लगा है बड़ा झटका
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद से ही बीजेपी को झटके लग रहे हैं। वैसे कई नेता जो चुनाव से पहले टीएमसी छोड़कर बीजेपी में आये नेता वापस टीएमसी में जा रहे हैं। दिग्गज नेता मुकुल राय अपने बेटे शुभ्रांशु के साथ बीते जून महीने में बीजेपी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गये। तन्मय घोष का जाना निश्चित तौर पर बीजेपी के लिए बड़ा झटका।