logo

मानसून सत्र का हाल: BJP विधायकों ने लगाया जय श्रीराम का नारा तो कांग्रेस के मंत्री ने पढ़ी हनुमान चालीसा

12525news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। सोमवार को सदन के बाहर भाजपा के विधायकों ने स्पीकर के उस फैसले का अनोखे तरीके से विरोध किया जिसके अनुसार मुस्लिम विधायकों के लिए नमाज पढ़ने के लिए एक कमरा आवंटित किया गया है। बीजेपी विधायकों ने ढोलक और घंटी बजाते हुए जय श्रीराम के नारे लगाए। खूब हंगामा किया। 

सोमवार को सत्र की हंगामेदार शुरुआत
घंटे भर चले प्रदर्शन में विधायकों ने हरे रामा हरे कृष्णा गीत और बोल बम का नारा भी लगाया। विधायक भानु प्रताप शाही ने प्रदर्शन कर रहे विधायकों को हरे राम हरे कृष्णा लिखा पीले कपड़े पहनाए। बाबुलाल मरांडी भी भाजपा विधायकों के साथ धार्मिक गीत गाये। भाजपा विधायकों ने कहा कि जब नमाज के लिए कमरा मिल सकता है तो हिंदू धर्म मानने वाले भगवान की आराधना कर रहे हैं। कुल मिलाकर सोमवार को सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही।  

विधायक नारायण दास झूमने लगे
देवघर विधायक नारायण दास हरे राम हरे कृष्ण की धुन पर प्रदर्शन के दौरान झूमने लगे। वहीं कोडरमा विधायक नीरा यादव ने सभी विधायकों को तिलक लगाया। गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा के नए भवन में एक कमरा अल्पसंख्यक विधायकों और कर्मचारियों के लिए आवंटित किया गया ताकि वे नमाज अता कर सकें। विधानसभा सचिवालय ने इस आलोक में एक पत्र भी जारी किया था। बीजेपी विधायकों ने इसका पुरजोर विऱोध किया। सीपी सिंह ने कहा कि यदि वहां नमाज अता करने के लिए कमरा है तो फिर पूजा अर्चना के लिए मंदिर क्यों नहीं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि सरकार तुष्टिकरण की सीमा लांघ रही है। बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि सरकार ने तुष्टिकरण की सारी हदें पार की। इसकी भी कोई सीमा होती है। ये गलत है। 

रामेश्वर उरांव ने पढ़ा हनुमान चालीसा
हेमंत सरकार में मंत्री कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह कोई नई परंपरा नहीं है। जिसके बाद मंत्री रामेश्वर उरांव ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। उन्होंने कहा कि कि हेमंत सरकार सभी धर्मों को साथ लेकर चलने वाली हैं।